पचमढ़ी :  पिपरिया विकासखंड के पचमढ़ी में अटल बाल पालक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री एस.के.शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी तथा पचमढ़ी के  नये बने 20 अटल बाल पालक उपस्थित थे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र को बच्चो के बैठने के लिए  51 कुर्सी, दो बड़ी कुर्सी, 3 कूलर, 3 सीलिंग फैन, दो फिसलपट्टी, 5 झूले, 2 चटाई एवं एक घड़ी आदि सामग्री दी गई।

            अटल बाल पालक के कार्यक्रम में आंगनबाड़ी की बच्चियों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। इस पर संयुक्त संचालक श्री शर्मा ने बच्चियों को नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। इस अवसर पर सभी बच्चो को गुड़ पट्टी, राजगिरे की पट्टी दी गई। परियोजना अधिकारी अमित शर्मा ने आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 2 एवं 4 को दो हजार रूपए की पोषण आहार डलिया भेंट की।

           कार्यक्रम में सभी नये बने अटल बाल पालको का महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में सुपरवाईजर श्रीमती मंजूला जैन, श्रीमती सरिता रघुवंशी, रितु मेहरा और पचमढ़ी की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिका उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि अटल बाल पालक सम्मेलन कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी द्वारा चलाया जाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी अटल बाल पालको ने आभार व्यक्त किया।