भोपाल : प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को भोपाल के मॉर्डन स्कूल में हम छू लेंगे आसमा, मुख्यमंत्री कैरियर काउंसलिंग पहल कार्यक्रम में माय एमपी रोजगार पोर्टल लॉन्च किया। यह पोर्टलन युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, क्षमता एवं रूचि के अनुसार रोजगार उपलब्ध करवाने तथा नियोजक को अपने व्यवसाय की जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिपूर्ण है। युवा सशक्तिकरण मिशन के अंतर्गत म.प्र. कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा यह पोर्टल तैयार किया गया है।
इस पोर्टल के माध्यम से युवक अपनी योग्यतानुसार स्वयं की प्रोफाइल को पोर्टल पर रजिस्टर कर रोजगार खाता खोल सकेगा। पोर्टल के माध्यम से वह अपनी पंसद के रोजगार की जगह, कार्यक्षेत्र, सेक्टर एवं जॉब रोल का निर्धारण कर सकता है। प्रोफाइल एकाउंट में सर्च करने पर उसे मालूम हो सकेगा कि उसकी रूचि एवं योग्यता के आधार पर रोजगार देने वाले कितने नियोजक एवं पद उपलब्ध हैं। ऑनलाईन ही इन कम्पनियों में नौकरी के लिए आवेदन भी कर सकेंगे। रोजगार एकाउंट में दी गई जानकारी को ऑनलाईन अपडेट किया जा सकेगा और नौकरी मिलने के बाद नई नौकरी के लिए भी रोजगार एकाउंट का उपयोग कर सकेगा। नियोजक कम्पनी भी इस पोर्टल पर नि:शुल्क खाता खोल सकती है। खाते में वह उसके यहां नौकरी के लिए जरूरी योग्यता, प्रशिक्षण आदि की जानकारी रखेगा। जैसे ही नियोजक जॉब रोल स्किल सेट अपडेट करेगा वैसे ही पोर्टल नियोजक के समक्ष जॉब प्राप्त करने वालों की लिस्ट एवं प्रोफाइल उपलब्ध करवा देगा। पोर्टल के माध्यम से ही नियोजक आवेदन आमंत्रित कर आवेदक को इंटरव्यू के लिए बुला सकेगा।
रोजगार पोर्टल की प्रमुख विशेषता यह है कि यह युवाओं को पोर्टल पर स्वत: ही रजिस्ट्रेशन, जॉब प्रीफ्रेंरस को अपडेट करने नियुक्ता की जानकारी, सेक्टर एवं जॉब रोल के आधार पर उपलब्ध ऑनलाईन आवेदन की सुविधा मिलेगी। इंटरव्यू एवं जॉब फेयर की जानकारी रजिस्ट्रेड ई-मेल एवं मोबाईल पर प्राप्त की जा सकेगी। नियोजकों को भी पोर्टल पर स्वत: रजिस्ट्रेशन, सेक्टर एवं जॉब रोल को अपडेट करने और इसी की आधार पर डिमांड को पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा होगी। डिमांड के आधार पर योग्य आवेदकों की सूची उपलब्ध हो सकेगी।