होशंगाबाद : कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा बैठक में अधिकारियों को मार्क किए गए समय सीमा पत्रकों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर अविनाश लवानिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्रारंभ कराने में अधिकारियों की उदासीनता पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कलेक्टर एक्सप्रेस में प्राप्त आवेदनों के निराकरण को सभी अधिकारी प्राथमिकता दें। कलेक्टर एक्सप्रेस में प्राप्त आवेदनों के आधार पर स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्रारंभ करने में देरी के कारण कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने ग्राम चीचा में स्वीकृत स्टॉप डैम का कार्य जिओ टैगिंग के अभाव में प्रारंभ ना होने पर असंतोष व्यक्त किया एवं कार्यपालन यंत्री आरईएस को एक सप्ताह में निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बिना सूचना दिए बैठक से अनुपस्थित रहने पर जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को डिस्चार्ज करने से पहले उन्हें प्रसूती सहायता राशि का भुगतान एवं नवजात शिशु का आधार पंजीयन करवाना सुनिश्चित करें। ऐसा ना होने पर संबंधित विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि अब जिले के शासकीय विभागों के न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की ऑनलाईन मॉनीटरिंग कलेक्टर एक्सप्रेस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए न्यायालयीन प्रकरणों के ओआईसी को लॉगिन कर प्रकरण से संबंधित समस्त जानकारी पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। उन्होंने होशंगाबाद में प्रस्तावित वृद्धाश्रम निर्माण के लिए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री पीआईयू एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय को दिए। उन्होंने जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को उज्ज्वला योजना में प्रगति लाने एवं प्रदाय किए गए कनेक्शन की जानकारी आवश्यक रूप से पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी को मोटरयान चालक-परिचालक कल्याण योजना के अंतर्गत समग्र आईडी लिंक करने का कार्य शिविर लगाकर शीघ्रता से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में 300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की संख्या 112 हो चुकी है। इनमें से अधिकतर शिकायतें एल-4 पर लंबित हैं। सभी अधिकारी अपने विभागों में एल-4 स्तर पर संपर्क कर इन शिकायतों का निराकरण कराएं।
बैठक में कलेक्टर ने महाप्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को गेहूं उपार्जन अच्छी तरह से संपन्न कराने के लिए बधाई दी। उन्होंने तेंदुपत्ता संग्राहक एवं असंगठित श्रमिक सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का मिलजुल कर कार्य करना आवश्यक होता है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर आदित्य कुमार रिछारिया, एसडीएम मनोज उपाध्याय एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।