रायपुर : छत्तीसगढ़ की रमनसिंह सरकार द्वारा राज्य के सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों के इलाज के लिए करीब ४१ अस्पतालों को मान्यता दी है l  जानकारी के अनुसार कर्मचारियों और उनके परिवार के आश्रित सदस्यों को राज्य में और राज्य के बाहर इलाज कराने के लिए 41 अस्पतालों को आगामी एक साल के लिए मान्यता दी गई है l  इनमें रायपुर, बिलासपुर, धमतरी के प्राइवेट अस्पतालों सहित नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भी शामिल हैं l साथ ही नागपुर, इंदौर व अन्य प्रतिष्ठित अस्पतालों को मान्यता दी गई है l 

           इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आज परिपत्र जारी कर दिया गया है l  शासन द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि राज्य के अंदर मान्यता प्राप्त अस्पतालों में शासकीय सेवकों और उनके परिवार के आश्रित सदस्यों का उपचार कराने के लिए संबंधित जिले के सिविल सर्जन की अनुशंसा अनिवार्य होगी l 

           जानकारी के मुताबिक शासकीय सेवकों को उनके परिवार के सदस्यों की उपचार की दर सीजीएचएस योजना के तहत केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए लागू उपचार की दरों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी. मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में उपचार कराए जाने पर इलाज तत्काल शुरू किया जाएगा और उनसे अग्रिम धन राशि के अभाव में इलाज में लापरवाही नहीं की जाएगी, इस बात पर विशेष ध्यान रखे जाने का परिपत्र में निर्देश जारी हुआ है l