होशंगाबाद/पिपरिया :  प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को होशंगाबाद जिले के पिपरिया विकासखण्ड के ग्राम सिलारी में आयोजित तेंदुपत्ता श्रमिको के बोनस वितरण एवं श्रमिकों के पंजीयन प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। पिपरिया हेलीपैड से लेकर ग्राम सिलारी तक लगभग 2 कि.मी. तक के मार्ग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रोड शो किया।

          पिपरिया से लेकर सिलारी तक आम जनता एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्थान-स्थान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ऐतिहासिक एवं आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री की रथ यात्रा दोपहर 12:20 बजे हेलीपैड से रवाना हुई इस दौरान जगह-जगह आम जनता एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियो ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

          मुख्यमंत्री की रथ यात्रा जब हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल ग्राम सिलारी की ओर रवाना हुई तो मार्ग में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के युवाओं ने फूलों की वर्षा की और मुख्यमंत्री का पिपरिया आगमन पर स्वागत किया। मार्ग में क्षत्रिय समाज, म.प्र. पंचायत सचिव संगठन, वेयर हाउस ऑनर्स एसोसिएशन, किसान मोर्चा के सैकड़ों किसानो ने पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री का काफिला जब आगे बढा तो मार्ग में राम यज्ञ मानस सम्मेलन एवं नवान्ह परायण समिति, युवा मोर्चा, जल आदिवासी मछुआ सहकारी समिति, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, आनंद व्यास मित्र मंडली, विश्वकर्मा युवा मंडल, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत सहायक सचिव संगठन एवं नव चेतना समिति तथा साहू समाज के गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का आत्मीय अभिनंदन किया।

        मुख्यमंत्री चौहान ने रोड शो के दौरान पिपरिया की जीवन दायिनी नदी पासा मछवासा नदी पर श्रमदान किया। उल्लेखनीय है कि पिपरिया वासियों के आमंत्रण को सहज स्वीकार कर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मछवासा नदी पर श्रमदान किया।