होशंगाबाद/पिपरिया : प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज होशंगाबाद जिले के पिपरिया विकासखण्ड के ग्राम सिलारी में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहक एवं मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना अंतर्गत श्रमिकों के सम्मेलन में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने सम्मेलन में उपस्थित तेंदुपत्ता संग्राहकों एवं असंगठित श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं इस सम्मेलन में सभी गरीबों को एकता के सूत्र में बांधने आया हूं। हमेशा से गरीबों को उनके हिस्से से वंचित रखा गया है परंतु मैं उन्हें उनका हिस्सा देकर रहूंगा।
मुख्यमंत्री ने ग्राम सिलारी में आयोजित कार्यक्रम में होशंगाबाद एवं नरसिंहपुर जिले के लगभग 75 हजार तेंदुपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2016 का लगभग 6 करोड 18 लाख रूपए की तेंदुपत्ता बोनस राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने होशंगाबाद एवं नरसिंहपुर जिले के असंगठित श्रमिकों को पंजीयन का प्रमाण पत्र प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि होशंगाबाद जिले में 2 लाख 72 हजार 323 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने नर्मदा पेयजल आवर्धन योजना जो 27 करोड 92 लाख रूपए की राशि से बनाई गई है का लोकार्पण किया तथा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास के कार्यों का जो 3 करोड 34 लाख रूपए से निर्मित किए जाएंगे का भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नरसिंहपुर जिले के 6 निर्माण कार्य जो 19 करोड 83 लाख 90 हजार रूपए की लागत से बनाया गया था उसका लोकर्पण किया तथा 33 कामों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने केसला के ग्राम बागड़ा की तेंदुपत्ता संग्राहक कुब्जा बाई को चरणपादुका पहनाई एवं साडी तथा पानी की बोतल तथा 11 हजार 116 रूपए की बोनस राशि प्रदान की।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री चौहान ने असंगठित श्रमिकों एवं तेंदुपत्ता संग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपकी किस्मत बदने की योजना आपको समझाने आया हूं। भगवान ने धरती, पानी, हवा आदि संसाधन सभी के लिए बनाएं हैं परंतु इनके असमान वितरण के कारण गरीबी एवं अमीरी की खाई बढ़ती जा रही है। यदि इस विषमता की खाई को दूर करना है तो गरीबों को न्याय देना जरूरी है। इसीलिए मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना प्रारंभ की जा रही है जिसके अंतर्गत 2.5 एकड़ से कम जमीन के स्वामी, भूमिहीन, मजदूरी करने वाले, रिक्शा तथा हाथ ठेला चलाने वाले, दुकानों में काम करने वाले श्रमिकों को लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए केवल आवेदन देना होगा जिसकी जांच अफसरों द्वारा नही बल्कि स्वयं आवेदनकर्ता द्वारा की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के अंतर्गत गरीबों के इलाज की नि:शुल्क व्यवस्था की जाएगी। गर्भावस्था में श्रमिक महिलाओं के खाते में 4 हजार रूपए की राशि डाली जाएगी तथा बच्चे को जन्म देने के बाद 12 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब के घर में अंधेरा ना रहे इसलिए बिजली की सीमित जरूरत के लिए 200 रूपए महीना फ्लैट रेट पर बिजली प्रदाय की जाएगी। अगर किसी असंगठित श्रमिक की 60 साल से कम वर्ष की आयु में मृत्यु होती है तो उसके परिवार को 2 लाख रूपए की सहायता दी जाएगी एवं दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपए की सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही असंगठित श्रमिक के अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाएगी ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 1 अप्रैल से 30 मई तक पंजीकृत किए गए असंगठित श्रमिकों को 13 जून को मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए जनपद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन की मॉनीटरिंग के लिए प्रत्येक पंचायत तथा वॉर्ड में लोगों द्वारा चुनी गई 5-5 सदस्यों की टीम बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 जून को किसानों के खाते में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत गेहूं के लिए 265 रूपए प्रति Ïक्वटल तथा चना, सरसों एवं मसूर के लिए 100 रूपए प्रति Ïक्वटल की राशि डाली जाएगी।
कार्यक्रम में म.प्र विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, लोक निर्माण मंत्री तथा नरसिंहपुर जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, आयुष एवं कुटीर राज्य मंत्री तथा होशंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री जालम सिंह पटेल, जिला पंचायत होशंगाबाद के अध्यक्ष कुशल पटेल, जिला पंचायत नरसिंहपुर के अध्यक्ष संदीप पटेल, राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, सिवनीमालवा विधायक सरताज सिंह, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, गाडरवाड़ा विधायक गोविंद सिंह पटेल, तेंदुखेड़ा विधायक संजय शर्मा, गोटेगांव विधायक कैलाश जाटव, म.प्र. लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष महेश कोरी, उपाध्यक्ष वीरेन्द्र गिरी गोस्वामी, राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य हरिशंकर जयसवाल, सिराली ग्राम पंचायत के सरपंच रूप सिंह वर्मा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बडी संख्या में तेंदुपत्ता संग्राहक तथा असंगठित श्रमिक उपस्थित रहे।