होशंगाबाद : नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर श्री उमाकांत उमराव ने लोक निर्माण विभाग, पीआईयू एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक परियोजना विभाग के अधिकारियों की संभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में बताया गया कि कुछ ग्राम ऐसे हैं जहां निर्माण कार्य के लिए भूमि की व्यवस्था नहीं है इसलिए निर्माण कार्य नहीं किए जा रहे हैं। कमिश्नर ने कहा कि जिन ग्रामों में वैकल्पिक भूमि की व्यवस्था नहीं है तो नजदीक के ग्राम में वैकल्पिक सरकारी भूमि चिन्हित कर वहां निर्माण कार्य शुरू किए जा सकते हैं। कमिश्नर ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे वैकल्पिक सरकारी भूमि की तलाश कर उसका प्रस्ताव बना कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करें। कमिश्नर ने कुछ सडकों की चिंताजनक हालत को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि वे इन सडकों का विशेष तौर पर अवलोकन करें और सडकों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करें। कमिश्नर ने बैठक में गैर हाजिर रहने पर होशंगाबाद, बैतूल एवं हरदा के पीआईयू-1 के ईई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि होशंगाबाद जिले में कुल जिला मार्ग 57 है, अन्य जिला मार्ग 22 है एवं ग्रामीण मार्ग 282 हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजनांतर्गत 12 सडकों का निर्माण किया जा रहा है। एमपीआरडीसी के तहत क्लस्टर बनाकर पैकेज के तहत सडकों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। एमपीआरडीसी 13 सडकों का निर्माण कर रही है। बैतूल में पीआईयू-टू 5 सडकों का निर्माण कर रही है। बैतूल में एमपीआरडीसी 41 सड़कों के निर्माण का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक परियोजना द्वारा 14वें चरण में जिले में कुल 14 मार्गों का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिनकी लंबाई 53.45 कि.मी. है जिसमें से 28.35 कि.मी. सडकों का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। हरदा में 128 सडकों के निर्माण कार्य का लक्ष्य रखा गया था जिसमें से 115 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। पूर्ण मार्ग की लंबाई 673.23 कि.मी. है।
कमिश्नर ने निर्माण विभाग के सभी ईई को निर्देश दिए कि वे पानी की ज्वलंत समस्या के निराकरण में अपना सहयोग देवें। जहां कहीं भी सडकों का निर्माण कार्य शुरू किया गया है वहां ग्राम में किसानों के खेत तालाब बनाने में रियायती दर पर जेसीबी मशीन उपलब्ध कराकर खेत तालाब निर्माण में अपना सहयोग देंवें। कमिश्नर ने कहा कि खेत से निकली हुई मिट्टी चाहे तो निर्माण कार्य के ठेकेदार सडक निर्माण कार्य में उपयोग कर सकते हैं।