होशंगाबाद : मध्यप्रदेश शासन ने आम जनता की समस्याओं का निराकरण एक ही दिन में कराने के उद्देश्य से समाधान एक दिन तत्काल सेवा प्रदाय व्यवस्था की स्थापना की है। समाधान एक दिन तत्काल सेवा के तहत हर लोक सेवा केन्द्र पर एक जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती की गई है। आवेदन के दिन ही सेवा प्रदाय करने के लिए तकनीकी सुविधाएं मुहैया कराई गई है।
समाधान एक दिन तत्काल सेवा प्रदाय व्यवस्था के अंतर्गत 14 विभागो की 45 सेवाएं आम जनता को एक दिन में ही प्रदाय की जा रही हैं। इस सेवा से लोक सेवाओ के सरलीकरण के लिए प्रयास किये हैं तथा आम जनता का समय भी बचता है। समाधान एक दिन तत्काल सेवा के अंतर्गत होशगाबाद जिला प्राप्त आवेदनो के निराकरण में प्रदेश में द्वितीय स्थान पर है। समाधान एक दिन तत्काल सेवा को सुलभ रूप से प्रदान किये जाने हेतु तहसील स्तर पर लोक सेवा केन्द्रो की स्थापना की गई है।
जिले में कुल 9 लोक सेवा केन्द्र स्थापित किये गये हैं। समाधान एक दिन तत्काल सेवा प्रदाय व्यवस्था का क्रियान्वयन फरवरी 2018 से किया जा रहा है। सभी तहसील एवं ब्लाक तथा जिला मुख्यालय पर संचालित लोक सेवा केन्द्रो के माध्यम से आम जनता को 45 सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सेवा प्रदाय हेतु जिला, ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को कलेक्टर द्वारा अधिकृत किया जाता है। समाधान एक दिन तत्काल सेवा में चिन्हित सेवाओ के आवेदन लोक सेवा केन्द्र में प्रतिदिन शासकीय अवकाश छोड़कर प्रात: 9.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक लिये जाते हैं, निर्धारित समय में प्राप्त होने वाले आवेदन का निराकरण उसी दिन कर दिया जाता है। दोपहर 1.30 बजे के उपरांत प्राप्त होने वाले आवेदनो का निराकरण अगले कार्य दिवस में किया जाता है। सेवाओ के आवेदन लेने एवं निराकरण का अधिकार लोक सेवा केन्द्र के अंतर्गत है।
समाधान एक दिन तत्काल सेवा प्रदाय व्यवस्था के तहत आम जनता को श्रम विभाग की 3 सेवाएं, योजना एवं सांख्कीय विभाग की 3, गृह विभाग की 2, परिवहन विभाग की 7, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की 1, सामाजिक न्याय विभाग की 14, राजस्व विभाग की 4, सामान्य प्रशासन विभाग की 3, नगरीय प्रशासन की 1, वाणिज्य, उद्योग एवं रोजगार की 2, महिला एवं बाल विकास विभाग की 1, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की 1, वाणिज्य कर विभाग की 1 तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की 2 सेवाएं प्रदाय की जाती है। अब तक के आवेदन के निराकरण में होशंगाबाद जिले को 6 हजार 61 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 5 हजार 994 आवेदनो का निराकरण किया गया । निराकरण का प्रतिशत 98.89 है।