होशंगाबाद :  पिपरिया विकासखण्ड मे स्थित मछवासा नदी पर गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों के व्यक्ति आगे बढकर श्रम दान कर रहे हैं ताकि बारिश में मछवासा नदी पर पानी आ सके। मछवासा नदी का सीमांकन कराने का कार्य जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा। मछवासा नदी में सफाई और गहरीकरण का कार्य विगत 40 दिनों से लगातार अनवरत जारी है। श्रम दान के कार्य में समाज के सभी व्यक्ति प्रति दिन आकर कुछ घण्टे श्रम दान करते हैं। नदी से कचरा निकालते हैं और नदी गहरीकरण के कार्य में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

              एसडीएम मदन सिंह रघवंशी ने बताया कि मछवासा नदी में सीमांकन का कार्य कराया गया है और सरकारी जमीन एवं नदी पर कोई अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि जो भी व्यक्ति अतिक्रमण करेगा उसके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। मछवासा नदी में श्रम दान के लिए शहर के सभी प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, स्कूल एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, जल सेवा समिति, लाइंस क्लब, श्रीराम यज्ञ समिति, जय माता दी समिति, हिंदू उत्सव समिति, नौ जवान कमेटी, व्यापारी संघ, भारतीय किसान संघ, एकता फुटबॉल क्लब, अधिवक्ता संघ, फैन्स क्लब, हनुमान व्यायाम शाला के सदस्यगण श्रम दान कर रहे हैं। इसके अलावा प्रतिदिन पिपरिया विधायक श्री ठाकुर दास नागवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष, मंडी अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार संघ के पत्रकारगण, सभी संगठनों के प्रतिनिधि प्रतिदिन आकर श्रम दान मे अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।