होशंगाबाद : स्माईल वैन आज सोहागपुर विकासखण्ड के दूरस्थ ग्राम निभोरा पहुंची। स्माईल वैन में मौजूद चिकित्सक डॉ. एके शिवानी ने अपनी टीम के साथ निभोरा के 23 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया। इस दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी ने उपस्थित कुपोषित बच्चों के अभिभावकों की काउंसलिंग की और उन्हें समझाइश दी कि वे बच्चों को पर्याप्त पोषण आहार दें तथा बच्चों को पर्याप्त समय दें। इसके अलावा घर में स्वच्छता का वातावरण बनाएं तथा उचित खान पान की आदत अपनाएं।
उल्लेखनिय है कि स्माईल वैन के माध्यम से दूर दराज के ग्रामों में जाकर चिकित्सकों द्वारा बच्चों को चिकित्सकीय लाभ प्रदान किया जा रहा है जो कि होशंगाबाद जिले के लिए एक अभिनव पहल है। स्माईल वैन का मुख्य उद्देश्य है कि ग्राम के कुपोषित बच्चों को ग्राम में ही चिकित्सक लाभ प्राप्त हो सके और इसी उद्देश्य को लेकर स्माईल वैन गांव-गांव पहुंच रही है। स्माईल वैन द्वारा जिन कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाता है और दवाईयों का वितरण किया जाता है। उन बच्चों में बेहतर परिणाम दिखाई दे रहे हैं।
स्माईल वैन में अटल बाल पालक के रूप में जुडे निजी चिकित्सक व शासकीय शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अपनी पूरी टीम के साथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार उपस्थित रहकर कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया जाता है। जिले में अब तक स्माईल वैन के माध्यम से 3 हजार 600 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाईयां वितरित की गई हैं। स्माईल वैन जब ग्राम निभोरा पहुंची तब इस अवसर पर सेंक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती लीला गौतम, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं कुपोषित बच्चों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद थे।