होशंगाबाद  : नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव के नेतृत्व में माँ नर्मदा नदी के रिपेरियन जोन में पौधों की सुरक्षा हेतु सभी लोग एकत्रित होकर सहयोग कर रहे हैं। रिपेरियन जोन में पौधों की सुरक्षा हेतु तार फेसिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। 15 ग्राम पंचायतों में तार फेंसिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। तथा 44 ग्राम पंचायतों में तार फेंसिंग का कार्य प्रगति पर है। प्रत्येक ग्राम पंचायत से 2-2 Ïक्वटल विभिन्न वनस्पति पौधों के बीज एकत्रित किए जा रहे हैं। इस वर्ष पुन: रिपेरियन जोन में पौध रोपण एवं बीज रोपण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

              कमिश्नर ने सभी लोगों से आगे आकर सहयोग करने का आव्हान किया है। रिपेरियन जोन में लगे पौधों की सिंचाई हेतु विभिन्न दान दाताओं द्वारा मोटर पंप का दान किया गया है। गत दिवस आयोजित बैठक में कमिश्नर ने सभी को निर्देश दिए कि वे तार फेंसिग के अंदर झाऊ, घास, बेल, लता, आदि का रोपण करें। उन्होंने कहा कि तार फेंसिंग के बाद पौधों की सुरक्षा हो जाती है। रिपेरियन जोन में नर्मदा परिवार, महिलाएं एवं बच्चे पुन: सक्रिय हो गए हैं और सक्रिय होकर अपनी भागीदारी निभाने को प्रस्तुत हैं। गत दिवस रिपेरियन जोन पासीघाट में ग्राम पंचायत उमरधा के ग्रामीणों ने जन सहयोग से तार फेसिंग कराए जाने का निर्णय लिया और सभी ने रिपेरियन जोन का भ्रमण किया। गत दिवस बनखेडी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्रीमती श्रुति चौधरी ने भ्रमण कर रिपेरियन जोन में सभी लोगों को सक्रिय होकर पुन: कार्य करने के निर्देश दिए। ग्राम समनापुर के ग्राम डोकरीखेडा में सांगली नदी पर जन अभियान परिषद के मेंटर यतीश चंद्र महर्षि एवं सुनील शर्मा ने बैठक लेकर ग्रामीणों को समझाइश दी और माँ नर्मदा के जल का महत्व बताया और कहा कि कल से सांगली नदी पर श्रम दान किया जाएगा तथा नदी का गहरीकरण किया जाएगा। रिपेरियन जोन में कार्य करने के लिए रात्रिकालीन चौपाल लगाई जा रही है। जहां ग्रामीणों को बुलाकर रिपेरियन जोन में घास, झाऊ लता, बेल आदि लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

           ईआरईएस के मालवीय ने मोटर पंप दान किया:- रिपेरियन जोन में अनेक दान दाताओं द्वारा पौधों की सिंचाई हेतु मोटर पंप दान किए जा रहे हैं इसी कडी में मुलताई के ईआरईएस के अधिकारी केएस मालवीय द्वारा रिपेरियन जोन में सिंचाई हेतु 25 हजार रूपए की मोटर पंप का दान किया गया है। मालवीय ने बताया कि गत माह उनके पुत्र कुणाल की नौकरी लग जाने एवं उनकी पत्नी श्रीमती रेणु के जन्म दिन के अवसर पर उन्होंने मोटर दान करने कर निर्णय लिया।