रायपुर : आदिम जाति कल्याण विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला उजागर हुआ है l पुलिस ने आरोपी ठगों को गिरफ्तार कर लिया है l जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम दौलत राम वर्मा और हेमलाल साहू है l इनमें से एक आरोपी कृषक है और दूसरा दुग्ध संघ में कार्यरत है l
दरअसल २०१६ में आदिम जाति कल्याण विभाग में हॉस्टल अधीक्षक, डाटा इंट्री ऑपरेटर और भृत्य जैसे कई पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी किया था l आरोपियों ने इस विज्ञापन को आधार बनाकर उच्चाधिकारियों से अच्छे संबंधों का हवाला देते हुए नौकरी दिलाने का झांसा देकर मोवा निवासी शैल वर्मा सहित पुष्पेन्द्र वर्मा, मुरली वर्मा, महेश वर्मा, रोशन वर्मा एवं प्रदीप वर्मा से प्रति व्यक्ति सवा 4 लाख रुपए के हिसाब से सवा 21 लाख रुपए वसूल लिए l
जब इन लोगों की नौकरी नहीं लगी तो सभी ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे l पैसे वापस ना मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई l टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद जांच कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है l