होशंगाबाद : प्रदेश की नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने बुधवार को होशंगाबाद जिले के सिवनीमालवा तहसील में पंडित दीनदयाल नर्मदा जल आवर्धन सयंत्र एवं विजयाराजे सिंधिया रैन बसेरा का लोकार्पण किया। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री ने शिवराज तरूण पुष्कर स्विमिंग पूल का लोकार्पण किया तथा स्वामी विवेकानंद जिम का एवं शिवराज पार्क का अवलोकन किया। नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती माया सिंह ने मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विगत 13 वर्षों मे प्रदेश वासियों ने देखा है कि प्रदेश में विकास एवं बदलाव की झलक दिखती है। म.प्र. शासन ने आम आदमी को खास बनाने का प्रयास किया है समाज के सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनाई गई हैं और इन योजना का लाभ समाज के पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक अपना पंजीयन करा कर शासकीय योजनाओं का लाभ लें। श्रीमती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सुख और दुख में भी लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं। वर्तमान समय में प्रदेश की सभी नगर पालिका सक्षम हो गई हैं। सिवनीमालवा की नगर पालिका विकास के बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सिवनीमालवा नगर पालिका ने डे केयर सेंटर, रैन बसेरा, शिवराज पार्क, वाटर ट्रिटमेंट प्लान्ट सहित अनेक विकास के कार्य करके दिखाए हैं। नगर पालिका सिवनीमालवा की टीम की जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2 करोड़ आबादी नगर पालिकाओं के अंतर्गत निवास करती है। इस आबादी के लिए पक्की सड़कों, आवास एवं पेयजल की व्यवस्था करना हमारा प्रमुख दायित्व है। प्रधानमंत्री ने 2022 तक सभी पात्र हितग्राहियों को आवास देने का लक्ष्य रखा है। म.प्र. शासन ने उससे एक कदम आगे बढ़कर यह बिल पास किया कि 2018 तक प्रदेश में 5 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाने हैं और 2022 तक 10 लाख आवास बनाए जाएंगे। श्रीमती सिंह ने कहा कि म.प्र. शासन ने महिला सुरक्षा के लिए बिल पास किया है और बुजुर्गों के लिए भी योजनाएं बनाई हैं।
नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री ने समाज के हर वर्ग की चिंता की है। सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनाई हैं। सभी पात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी हासिल कर शिविर में पंजीयन करा कर योजनाओं का लाभ लें। श्रीमती सिंह ने कहा कि पूर्व मे प्रदेश की सड़कों की हालत खस्ता थी, बिजली और पानी का अभाव था लेकिन अब विकास एवं बदलाव साफ नजर आ रहा है। प्रदेश नेें 5बार कृषि कर्मण अवॉर्ड प्राप्त किया है। श्रीमती सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरीय विकास विभाग से कह रखा है कि विकास के लिए जहां भी नियम बदलने की आवश्यकता है वहां नियम बदले जाएं और हर हाल में जनता को लाभ मिले। प्रदेश में 7 स्मार्ट सिटी हैं ई-नगरपालिका बनाने के लिए पहल की जा रही है। उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष की मांग पर सिवनीमालवा की कंदेली नदी के समीप नाला बनाने का प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता सभी रहवासियों के दैनिक जीवन में उपयोगी सुविधाओं को उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति सामर्थवान बने और कमजोर व पीड़ित व्यक्तियों का हाथ पकड़कर उसे भी सामर्थवान बनाए।
विधायक सरताज सिंह ने कहा कि नगर पालिका के बेहतरीन कार्य का नतीजा है कि यहां 4 बार से हमारे दल की नगर पालिका बन रही है। नगरपालिका ने जितना कार्य यहां कराया है उस कार्य को आगे भी कायम रखने की आवश्यकता है। सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वयं सिवनीमालवा नगर पालिका के कार्यों की प्रशंसा की है। सिवनीमालवा एक आदर्श क्षेत्र के रूप मे जाना जाता है और यह हमारे लिए गर्व की बात है। इसके पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कल्पना देवी दयाल यादव ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से सिवनीमालवा में नर्मदाजल की व्यवस्था की गई। सिवनीमालवा के निवासियों को शुद्ध पेयजल मिल रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में भी जिन व्यक्तियों के पास भूमि है उन व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास बनाकर दिए गए है। तथा जिन व्यक्तियों के पास स्वयं की कोई भूमि नहीं है उन व्यक्तियों को मल्टी बनाकर दिए जाएंगे। नगर पालिका द्वारा 10 लाख रूपए की लागत से शिवराज पार्क बनाया गया है। शासकीय स्कूलों में टेबल-कुर्सी, पेयजल की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका ने जिम, रैन बसेरा का निर्माण किया है और पर्यावरण सुरक्षा के लिए हमेशा काम करती रही है इसलिए सिवनीमालवा नगर पालिका को पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्रदेश में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। श्रीमती यादव ने मांग की कि कंदेली नदी के सौर्दयीकरण हेतु नदी के पास से नाला निकाला जाएगा ताकि प्रदूषित पानी नदी में ना जा सके।
इसके पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती सिंह ने जैविक खाद पर लिखित पुस्तक का विमोचन किया एवं 2 हितग्राहियों को साइकिल का वितरण किया । इस अवसर पर खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिव चौबे, राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य हरिशंकर जयसवाल, महिला आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमती शशि सिन्हो, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद थे।