होशंगाबाद : जहां चाह होती है वहां राह होती है। सही मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं प्रोत्साहन से किए गए कार्य में सफलता अवश्य मिलती है। नर्मदापुरम् संभाग में इसका जीवंत उदाहरण देखने को मिला है। संभाग कमिश्नर श्री उमाकांत उमराव के मार्गदर्शन में आईआईटी एवं एनआईटी जैसे ख्याति प्राप्त उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए जेईई परीक्षा की तैयारी के लिए वर्ष के प्रारंभ में रणनीति तैयार की गई तथा उस पर अमल किया गया। वर्ष भर तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा दी गई।
इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप नर्मदापुरम् संभाग के सरकारी स्कूलों के 90 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई किया है। गत वर्ष 65 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। कमिश्नर श्री उमराव के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से इस वर्ष 25 अधिक विद्यार्थियो ने सफलता प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के पद पर रहते हुए श्री उमराव द्वारा जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों में जेईई एवं नीट परीक्षा की तैयारी हेतु पहल प्रारंभ की गई थी। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2014 के बाद लगातार वर्षों में इन परीक्षाओं में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2017 में 365 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा में एवं 29 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस परीक्षा में सफल होकर आईआईटी में प्रवेश लिया था।
सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में अनुसूचित जाति के 24, अनुसूचित जनजाति के 38 तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के 28 विद्यार्थी सम्मिलित हैं। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित शालाओं में बैतूल जिले से 50 एवं होशंगाबाद के एक मात्र आदिवासी विकासखण्ड केसला से 19 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इसी प्रकार शिक्षा विभाग द्वारा संचालित शालाओं में बैतूल जिले से 12, हरदा जिले से 8 तथा होशंगाबाद जिले से 1 विद्यार्थी ने सफलता प्राप्त की। अनुसूचित जाति वर्ग में जुवाड़ी के सागर रमेश चौहान, बैतूल के अमित नारायण चौकीकर, अनुसूचित जनजाति वर्ग में देहगुड़ के ओमप्रकाश किशन तथा अन्य पिछड़ा वर्ग में झल्लार के गगन महादेव ने संभाग के सरकारी स्कूलों में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर जेईई एडवांस के लिए पात्रता प्राप्त की है। जेईई एडवांस परीक्षा 20 मई 2018 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की तैयारी हेतु संभाग में 2 अध्यापन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। होशंगाबाद एवं हरदा जिले के विद्यार्थियों को ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय होशंगाबाद एवं बैतूल जिले के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल में विशेष अध्ययन कराया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए आवास, भोजन एवं अध्यापन की व्यवस्था नि:शुल्क होगी।
नर्मदापुरम् संभाग द्वारा प्राप्त इस सफलता में इस कार्य के नोडल अधिकारी संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जेपी यादव, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री त्रिपाठी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग होशंगाबाद, बैतूल एवं जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल एवं हरदा, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कमिश्नर श्री उमराव ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनकी सफलता में भागीदार अधिकारियों एवं शिक्षकों को बधाई दी है।