होशंगाबाद :  शनिवार को वन स्टॉप केन्द्र होशंगाबाद में लाड़ली लक्ष्मी योजना संवाद कार्यक्रम की समीक्षा की गई। समीक्षा कार्यक्रम में नर्मदापुरम् संभाग के संयुक्त संचालक श्री शिव कुमार शर्मा, उपसंचालक भोपाल श्री हरीश खरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी, उपसंचालक श्रीमती मोहनी जाधव तथा परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद थे। कार्यक्रम में उपसंचालक श्री हरीश खरे ने लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित हितग्राहियों एवं उनके माता-पिता से योजना के क्रियान्वयन से वर्तमान में मिल रहे लाभ एवं भविष्य में होने वाले लाभ पर प्रकाश डाला।

                कार्यक्रम में बताया गया कि जो परिवार पहले कन्याओं को बोझ समझकर उन्हें पढ़ाना लिखाना नहीं चाहते थे आज वह सब परिवार अपनी बेटियों को बेटों के समान अच्छी शिक्षा दे रहे हैं। जो बालिकाएं कक्षा 6वीं में प्रवेश कर गई उन्हें 2 हजार रूपए की छात्रवृत्ति प्राप्त हो गई है। जो बालिकाएं कक्षा 9वीं, 11वीं, 12वीं में प्रवेश करेंगी उन्हें पुन: छात्रवृत्ति प्राप्त होगी तथा 12वीं कक्षा तक उन्हें 1 लाख रूपए की राशि प्राप्त होगी।

               कुछ पालकों के मन में आशंका थी कि क्या भविष्य में हमारी बेटियों को इस योजना का लाभ मिलेगा अथवा नहीं। उपसंचालक श्री खरे ने विस्तार से सभी पालकों को उक्त योजना की जानकारी दी और बताया कि योजना का लाभ शत प्रतिशत बालिकाओं को मिलेगा। लाडली संवाद कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती शबाना ने कहा कि इस योजना में 3 बेटी वाले परिवार को भी शामिल किया जाए ताकि वह परिवार भी अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा सके।

              संयुक्त संचालक श्री शर्मा ने इस योजना के प्रावधानों के बारे में माताओं को अवगत कराया कि वर्तमान में 2 बच्चों के जन्म पर ही योजना का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में लाडली बेटी के माता-पिता का सम्मान करते हुए उन्हें अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया गया तथा इन पालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी बालिका की शिक्षा पर विशेष ध्यान देंवे ताकि बालिका उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत देश, समाज एवं परिवार के निर्माण में योगदान दे सकें। कार्यक्रम का संचालन एवं अभार प्रदर्शन जिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री सतीष भार्गव ने किया।