बैतूल : जिला मुख्यालय पर प्रतिष्ठित परिवार की एक बहू की आत्महत्या से न सिर्फ बैतूल जिले ही नहीं बल्कि भोपाल और दिल्ली तक हड़कंप मच गया। राजनैतिक दबाव की रस्साकशी के बीच बैतूल पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच का दावा कर रही है।  शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कोठीबाजार स्थित तातेड़ परिवार में अनिरूद्ध तातेड़ की पत्नी नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि नेहा ने अपने कमरे में दरवाजे के रोशनदान से लटक कर फांसी लगाई। 

        रायपुर निवासी नेहा की एक साल पहले ही न्यू मामाजी ज्वेलर्स के संचालक राजू तातेड़ के बेटे अनिरूद्ध से शादी हुई थी। पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट नेहा शादी के बाद प्रैक्टिस नहीं कर रहीं थीं। इसको लेकर भी उसका डिप्रेशन में होना बताया जा रहा है। घर के सदस्य किसी तरह की प्रताड़ना या दिक्कत से इंकार कर रहे हैं।

        घटना की जानकारी मिलते ही घर के लोग उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए और फिर बाद में उन्हें जिला अस्पताल ले गए। नेहा की मौत तो घर पर हो चुकी थी। जिला अस्पताल में एसडीओपी राय और कोतवाली टीआई राजेश साहू भी पहुंचे। 

 रायपुर से आ रहा परिवार - 

        नेहा के मायके रायपुर से उनके माता-पिता बैतूल के लिए शनिवार शाम 4 बजे रवाना हुए। उन्होंने पुलिस से उनके आने तक पोस्टमार्टम रोकने को कहा। साथ ही लड़के वालों पर गुमराह व प्रताड़ना के आरोप लगाए।

पुलिस ने पोस्टमार्टम रोका - 

        लड़की वालों के कहने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है। इसके बाद आज रविवार को लड़की वालों की उपस्थिति में पीएम होगा। 

हाई-प्रोफाइल मामला - 

      लड़की वालों के परिवार की रिश्तेदारी मप्र शासन के केबीनेट मंत्री सुरेन्द्र पटवा से है तो लड़के वालों के रिश्तेदार सुनील तातेड़ लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के ओएसडी हैं। 

साकेत पांडे, एसपी, बैतूल के अनुसार - लड़की वालों की शिकायत के आधार पर पोस्टमार्टम रोका है। पूरी घटना की जांच के लिए टीम बनाई गई है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।