होशंगाबाद : जिले के दूरस्थ ग्रामों के कुपोषित बच्चों को ग्राम में ही चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए म.प्र. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा की विधायक निधि से बनाई गई स्माई वैन ग्राम ग्राम में भ्रमण कर कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाईयों का वितरण करती है और यदि बच्चा अति कुपोषित पाया जाता है तो उसे होशंगाबाद के पोषण पुर्नवास केन्द्र में रैफर किया जाता है।
स्माईल वैन होशंगाबाद के ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम नानपा व नानपाढाना पहुंची। स्माईल वैन में चिकित्सक डॉ. निधि जैन, एएनएम दीपिका व रेणू तमंग, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती सुरेखा सोनवलकर एवं पर्यवेक्षक साधना परसाई द्वारा आंगनबाडी केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 40 बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण और दवाईयों का वितरण किया। शिविर में परियोजना अधिकारी सुरेखा सोनवलकर ने अति कम वजन के बच्चों प्रदीप एवं मेंहदी की मालिश का प्रदर्शन कर माताओं को मालिश से होने वाले लाभ तथा बच्चों की वजन वृद्धि एवं स्वास्थ्य हेतु पोषण परामर्श की सलाह भी दी।
स्माईल वैन जैसे ही नानपा एवं नानपाढाना पहुंची वैसे ही वहां स्थानीय ग्रामीणों ने एवं अटल बाल पालकों ने स्माईल वैन का स्वागत किया। शिविर में अटल बाल पालक श्री महेश गौर ने अतिकम वजन की मेंहदी को प्रोटीन की कमी के चलते होने वाले कुपोषण को दूर करने हेतु उनकी माता को दाल उपलब्ध कराने एवं आंगनबाडी केन्द्र का उन्नयन करने का वादा किया। ग्राम नानपाढाना में अटल बाल पालक श्री राजेन्द्र सिंह चौहान एवं हरिओम गौर द्वारा भी नियमित बच्चों के देखभाल, पौष्टिक सत्तू, सोया बिस्कूट, मूंग व चना देने पर सहमति व्यक्त की गई।