होशंगाबाद : प्रदेश के मुख्यमंत्री श्शिवराज सिंह चौहान ने आज होशंगाबाद जिले के केसला विकासखण्ड के ग्राम कीरतपुर में पैलेट फीड प्लांट का लोकार्पण किया। पैलेट फीड प्लांट के लोकार्पण अवसर पर आदिवासी मुर्गीपालक महिला समूहो की महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केसला, सुखतवा एवं भौरा की आदिवासी महिला समूहो द्वारा मुर्गी पालन का जो कार्य किया जा रहा है वो अद्भुत है और यह अद्भुत कार्य जो महिलाएं कर रहीं है वो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि समूह की आदिवासी महिलाएं व्यवसाय के लिए ऋण लेगीं तो उस ऋण राशि का 3 प्रतिशत ब्याज सरकार भरेगी। श्री चौहान ने कहा कि दुनिया मैं असंभव कुछ भी नहीं है। गरीबी से लडकर कैसे जीता जाता है यह समूह की महिलाओं ने कर के दिखाया है। पहले म.प्र. में सडक बिजली पानी का अभाव था हमने आज जगह जगह सडको का जाल बिछा दिया है। प्रदेश वासियो को 24 घंटे बिजली मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि म.प्र. शासन ने सिंचाई की क्षमता साढे सात लाख हैक्टेयर से बढाकर चालीस लाख हैक्टेयर कर दी है। सरकार की प्राथमिकता गरीबी मिटाओ गरीबो को ऊपर लाओ है। जिनके पास संसाधन नहीं है उन्हें शासन संसाधन उपलब्ध करा रहा है।
उन्होने बताया कि गरीबो को एक रूपये किलो की दर से गेहूं एवं चावल दी जा रही है। कोई गरीब आवास हीन नहीं रहेगा इस हेतु पट्टे देने का अभियान चलाया गया है। आगामी 4 वर्षो में सभी पात्र गरीबो को आवास बनाकर दिए जाएगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि असंगठित क्षैत्र के श्रमिको के पंजीयन का कार्य किया गया है। पंजीयन के पश्चात श्रमिको को शासन द्वारा अनेक योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा। श्रमिक के बच्चों को कक्षा पहली से लेकर पीएचडी करने तक की फीस सरकार भरेगी। श्रमिको को नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। यदि श्रमिक की मृत्यु हो जाती है तो उसके परिजनो को 2 लाख रूपये की राशि दी जाएगी। यदि श्रमिक की मृत्यु दुर्घटना में हो जाती है तो 4 लाख रूपये की राशि परिजनो को दी जाएगी। अंत्योष्टि के लिए 5 हजार रूपये की राशि परिजनो को दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगे। उन्होने कहा कि केसला, भौंरा एवं सुखतवा लोगों के लिए एक मॉडल है क्योकि यहां कि आदिवासी महिलाओं ने अपने साहस से समाज में एक मुकाम बनाया है। यह महिलाएं महिला सशक्तिकरण एवं गरीबी हटाओ का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि यहां कि महिलाओं कि आमदनी बढाई जाएगी, बाजार कितना मिल सकता है इसकी व्यवस्था की जाएगी साथ ही ऐसी समिति जो मुर्गी पालन में लगी है उनकी हर संभव मदद की जाएगी, उन्होने कहा कि अन्य जगहो पर महिलाएं अचार पापड बडी बना रही है इसका मुख्य उद्देश्य गरीबी दूर करना ही है और म.प्र. शासन उनकी गरीबी दूर करने में हर संभव सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने एमपीडब्लू पीसीएल के सभी पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शीघ्र ही वे इन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आदिवासी महिलाओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से मुर्गीपालन के बारे में जानकारी लेंगें कि कैसे उन्होंने मुर्गीपालन कर अपनी तकदीर बदल ली है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को गरीबी दूर करने का संकल्प दिलाया। उल्लेखनिय है कि पैलेट फीड प्लान्ट द्वारा प्रति वर्ष 36 हजार टन मक्का एवं 18 हजार टन सोयाबीन खली की खरीदी की जाएगी। म.प्र. महिला पोल्ट्री प्रोडूसर्स कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा लगभग 20 करोड़ की लागत से आदिवासी विकासखण्ड केसला एवं तहसील इटारसी के ग्राम कीरतपुर में नवीन औद्योगिक क्षेत्र में पैलेट फीड प्लान्ट (मुर्गी दाना) का आधुनिक प्लान्ट स्थापित किया गया है। म.प्र. महिला पोल्ट्री प्रोडूसर्स कम्पनी द्वारा कीरतपुर में जो पैलेट फीड प्लान्ट लगाया गया है इसमें सभी सहकारी समितियों एवं म.प्र. महिला पोल्ट्री प्रोड¬ूसर्स कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी 10 करोड़ रूपए की पूंजी लगाई है एवं रेवो बैंक नीदरलैंड ने 12 करोड़ रूपए समिति को ऋण के रूप में दिए हैं। अभी तक मुर्गी दाने के लिए प्रदेश की समितियों में छोटे-छोटे मुर्गी दाने के प्लान्ट थे अब इनके स्थान पर इटारसी (कीरतपुर)का कारखाना ही सब की आपूर्ति करेगा और इस कारखाने के खुल जाने के बाद मुर्गी दाने की निर्माण लागत में कमी आएगी। जिस तरह बच्चों के लिए सेरेलेक पाउडर आता है उसी तरह यह मुर्गी दाना औषधी से परिपूर्ण होगा और मुर्गी दाने के कारण कम दाना खाने में ज्यादा वजन के मुर्गे तैयार होंगे। औद्योगिक केन्द्र विकास निगम ने कीरतपुर में साढ़े 3 एकड जमीन इस कारखाने के लिए 2 करोड़ रूपए में उपलब्ध कराई है। इस कारखाने का निर्माण हिंदुस्तान इंजीनियरिंग इंदौर ने किया है। इस प्लान्ट की क्षमता प्रतिदिनि 400 टन से अधिक है।
लोकार्पण समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एमपीडब्ल्यू पीसीएल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। केसला मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती कुन्ती बाई, ओरछा मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती कलाबाई, जतारा मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती कमला बाई, राजनगर मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती सूकरत बाई, सिंगरोली मुर्गीपालन कम्पनी की अध्यक्ष श्रीमती इन्ती देवी, चूरहट मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती शीला रावत, मैकाल मुर्गीपालन कम्पनी की अध्यक्ष श्रीमती चंदा बाई, लटेरी मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती नर्मदी बाई, डिंडोरी मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती दीपा बाई, मैकाल लेयर मुर्गीपालन समिति की अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी बाई एवं देवरी मुर्गीपालन समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता रानी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
लोकार्पण अवसर पर सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुर दास नागवंशी, राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य श्री हरिशंकर जयसवाल, नगरपालिका इटारसी की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, एमपीडब्ल्यू पीसीएल की अध्यक्ष श्रीमती सरोज बाई, एमपीडब्ल्यू पीसीएल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. हरे कृष्ण डेका, ग्लोबल हैड रेबो बैंक नीदरलैंड श्री पियट विम, इंडिय हैड रेबो बैंक श्री अरिन्दम् दत्ता, बोर्ड ऑफ ट्रस्टी एनएसपीडीटी श्री अविनाश परांजपे, नानाजी देशमुख वेटनरी यूनिवर्ससिटी के डॉ. प्रयाग दत्ता जोयाल, जनप्रतिनिधिगण, मुर्गीपालन समिति की महिलाएं मौजूद थीं।