जोधपुर : नाबालिक से बलात्कार के मामले में आसाराम को जोधपुर कोर्ट ने दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है । आईपीसी की धारा ३७६ डी एवं ३७६/२एफ़ के तहत सजा सुनाई गई है l इस मामले ने कोर्ट ने कुल 3 लोगों को दोषी करार दिया है । आसाराम के अलावा शिल्पी और शरत को भी दोषी करार दिया गया है। आसाराम के अलावा दो अन्य लोगों को २०-२० साल की सजा दी गई है l इस फैसले को लेकर जोधपुर कोर्ट के फैसले पर सबकी निगाहें लगी हुई थी l करीब १० हजार करोड़ से जयादा सम्पत्ति का मालिक आसाराम फैसला सुनने के बाद रोने लगा l 

          बता दें पीड़ित पक्ष जहां कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहा था तो वहीं अहमदाबाद के आसाराम आश्रम में साधक अपने गुरु के लिए कल से ही हवन पर बैठ गए थे। सुबह ही जेल में बने कोर्ट में जज पहुंच गए थे । फैसले को लेकर आसाराम के समर्थक कहीं उपद्रव ना शुरू कर दें इसे देखते हुए जोधपुर शहर को किले में तब्दील कर दिया गया था। आसाराम के पाल स्थित आश्रम में चंद सेवादारों को छोड़कर पूरी तरह खाली करवा दिया गया है l आश्रम के आसपास किराए पर रह रहे समर्थकों को भी सोमवार को ही रवाना कर दिया गया था l 

          राम रहीम के समय हुई पंचकुला हिंसा से सबक लेते हुए सुरक्षा के चाक चौबंद बंदोबस्त किये गए है l  करीब २००० से ज्यादा जवान तैनात किये गए है l आसाराम  समर्थकों की हर हरकत पर नजर रखी जा रही है l