होशंगाबाद :  कलेक्टर अविनाश लवानिया ने समय सीमा की बैठक में निर्देश दिए कि जिन किसानों ने भावांतर भुगतान योजना में अपनी फसल बेची है ऐसे किसानों को 7 दिवस के अंदर उनके खातों में भावांतर की राशि जमा कर दी जाए। इस संबंध में यदि शिकायत प्राप्त होती है कि फसल बेचने के बाद भी लंबे समय तक किसानों के खातों में भावांतर की राशि जमा नहीं हुई है तो संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने गेहूं परिवहन में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सेमरी एवं शिवपुर में किसानों को चना बेचने के लिए एसएमएस करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेमरी एवं शिवपुर उपार्जन केन्द्र में चने की खरीदी  शुरू करवाने के निर्देश दिए। बताया गया कि अब तक साढ़े 5 हजार Ïक्वटल चना की खरीदी की जा चुकी है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में पेयजल की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीएचई को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों को भी इस बात से अवगत करायें। कलेक्टर ने एसडीएम लेवल पर पेयजल की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

               कलेक्टर श्री लवानिया ने बताया कि आगामी 9 मई को केसला में तेंदू पत्ता संग्राहकों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उक्त सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। कलेक्टर ने सम्मेलन की सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में पट्टे वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि वे पट्टे से संबंधित प्राप्त आवेदनों की पुन: समीक्षा करें जो पट्टे निरस्त हुए हैं उसकी एक बार पुन: समीक्षा की जाए और जो पात्रता श्रेणी में आते हैं उन्हें पट्टे वितरित किए जाएं।

              कलेक्टर ने कहा कि सम्मेलन में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यालय की बजाय फिल्ड में ज्यादा भ्रमण करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग की योजनाओं का फीड बैक लें और अपने विभाग की योजनाएं गांव में कैसी चल रही हैं इसकी जानकारी से अवगत हों। जिला शिक्षा अधिकारी गांव में अपने स्कूलों का निरीक्षण करें, स्कूली बच्चों से चर्चा करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिले के अस्पतालों का निरीक्षण करें एवं सिविल सर्जन गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करें। कलेक्टर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास अधिकारी अपने आंगनबाडी केन्द्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लें। श्री लवानिया ने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि वे हितग्राहियों से एवं आमजनों से विनम्र भाषा में बात करें। यदि कोई व्यक्ति अपनी समस्याएं बता रहा है तो उसे ध्यान पूर्वक सुने और उसकी समस्या को हल करने का प्रयास करें। उन्होंने 24 अप्रैल को सांगाखेड़ा कला में आयोजित होने वाले शिविर की तैयारियां सुनिचित करने के निर्देश दिए और कहा कि स्वास्थ्य विभाग वहां स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए। ऊर्जा विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग भी शिविर लगाकर अपने हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण करें।

            कलेक्टर ने 300 दिनों से अधिक की लंबित मुख्यमंत्री हेल्पलाईन की शिकायतों को गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि अधिकारी प्रकरणों के निराकरण में कोई रूचि नहीं दिखाएगा तो उस पर पैनाल्टी तय की जाएगी। कलेक्टर ने गत दिवस लोकसेवा दिवस के अवसर पर होशंगाबाद जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर लोकसेवा प्रबंधक श्री आनंद झेरवार एवं उनकी टीम को बधाई दी।

           समय सीमा की बैठक में अपर कलेक्टर मनोज सरियाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर वृंदावन सिंह सहित सभी विभाग के अधिकारीगण मौजूद थे।