दानीकुण्डी - सेमरदर्री,भाटाटिकरा होते हुए पसान जाने वाली मुख्य मार्ग की स्तिथि इतनी जर्जर है कि बड़ी गाड़ियों के अलावा साइकिल सवार भी आये दिन दुर्घटनाग्रस्त होते है । आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण अन्य मूल सुविधाओं से दूर होने के साथ सड़क की अच्छी सुविधाओं से भी वंचित है। इस सड़क पर बड़े वाहनों का आवागमन बहुत कम है फिर भी इस सड़क की दुर्दशा बद्तर है। जिससे यह पता चलता है कि इसके निर्माण कार्य के समय ही इस सड़क का सही मूल्यांकन नही किया गया। विभाग द्वारा इस सड़क के रिपेयरिंग कार्य को लेकर भी अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई।

               मरवाही पेंड्रा मुख्य मार्ग 8 किलोमीटर दूर होने के कारण अब तक न किसी जनप्रतिनिधि की नज़र इस जर्जर सड़क पर पड़ी है और ना ही किसी प्रशासनिक अधिकारी की नजर। जंगल व पहाड़ी के बीच से निकलती इस सड़क पर आये दिन दुर्घटना होती रहती है दुर्घटना की सूचना भी उस स्थान से बाहर नहीं निकल पाती और वहीं दब कर रह जाती है।

              इस सड़क के जर्जर स्तिथि के कारण कभी-कभी वहां के लोगों को जब अस्पताल के गाड़ी की आवश्यकता होती है,तो सड़क की स्तिथि के कारण गाड़ी भी देर से पहुंचती है,जिस कारण जल्दबाजी में मरीज को प्राइवेट गाड़ी कर अस्पताल तक ले जाया जाता है।

इनका कहना है - 

ग्रामीण अयोध्या सिंह - इस सड़क पर आए दिन दुर्घटना होती है। लोगों को आने जाने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।।

ग्रामीण कृपाल सिंह - हम इस सड़क पर साइकिल पर आना जाना करते हैं,सड़क पर साइकिल को न चलाकर सड़क के किनारे से पैदल चलना पड़ता है।

ग्रामीण बल्लू सिंह  -  सड़क की स्तिथि काफी दिनों से ऐसे जर्जर है।सड़क को जल्द रिपेयर करवाना चाहिए।

गांव के किराना व्यापारी विनय साहू  - इस सड़क की सुध नही ली जा रही।इंटीरिअल होने के कारण इस पर नजर नही पड़ती।

पीडब्लूडी एसडीओ सुरेश उइके - इस सड़क के साथ अन्य सड़कों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम करवाया जाएगा।