होशंगाबाद/31,दिसम्बर,2016/ नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा होशंगाबाद जिले मे 10 जनवरी को प्रवेश करेगी, इस यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। सेवा यात्रा 10 जनवरी को जिले के उमरधा गांव से जिले में प्रवेश करेगी एवं 20 जनवरी तक रहकर 20 जनवरी को ही हरदा जिले की सीमा में प्रवेश करेंगी। यात्रा के सफल क्रियान्वयन व तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में सभी संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारो, यात्रा के नोडल अधिकारियों, समस्त सी.ई.ओ. रोजगार सहायको की बैठक ली एवं नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा के संबंध में अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। जिला संयोजक जन अभियान परिषद श्री कौशलेष तिवारी ने बताया कि 9 जनवरी को जहां जहां से यात्रा रवाना होगी उन 58 ग्राम पंचायतो में सभी स्कूली बच्चों, गणमान्य नागरिको, ग्रामीणों की मानव श्रृंख्ला बनाई जाएगी इस हेतु उन्होने सभी नोडल अधिकारियों को 8 जनवरी को ही ग्राम पंचायत पहुंचकर सभी तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानव श्रृंखला से पूर्व सभी संबंधित ग्राम पंचायतो में श्रमदान किया जाएगा। अस्थायी शौचालय बना दिए जाएगे साथ ही चलित अर्थाथ मोबाईल शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी, चलित शौचालय एक ग्राम पंचायत से दूसरे ग्राम पंचायत तक जाएगे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे शौचालय की दिन में 2 बार सफाई करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बताया कि चलित शौचालय के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अभिषेक यादव को बनाया गया है। यात्रा के दौरान यदि किसी ग्राम पंचायत में अतिरिक्त शौचालयों की आवश्यकता होती है तो नोडल अधिकारी से संपर्क कर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी यात्रा के रूट का विशेष तौर से अध्ययन कर ले उन्होने यात्रा के रात्री विश्राम, नाश्ते व भोजन की, शौचालय, पेयजल की व्यवस्था की जानकारी सभी नोडल अधिकारियों से ली। श्री लवानिया ने कहा कि यात्रा के आबाध को सुनिश्चित किया जाएगा इस हेतु उन्होने मुख्य कार्यपालन यंत्री पीडब्लू डी श्री एस के पाटिल को निर्देश दिए कि वे नदी पर आवश्यता पडने पर जगहजगह अस्थायी ब्रिाज बनाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बताया कि यात्रा के दौरान प्लास्टिक व पौलेथिन का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा अत: यात्रा के दौरान मिट्टी के कुल्हडो अथवा स्टील के गिलासो का उपयोग किया जाएगा। तहसीलदार बाबई श्रीमती शिवानी पाण्डे ने अवगत कराया कि सोहागपुर विधायक ने 18 ग्राम पंचायतो को 200-200 स्टील के गिलास दिए है। बैठक में बताया गया कि सभी संबंधित ग्राम पंचायतो में पौधरोपण करने, नर्मदा के गीतो का प्रसार मंदिरो से किया जाएगा। मानव श्रृंखला में सभी को नर्मदा को स्वच्छ व पवित्र बनाए रखने की शपथ भी दिलाई जाएगी। मानव श्रृंखला प्रात: 11 बजे एक ही समय पर सभी ग्राम पंचायतो में बनाई जाएगी। नर्मदा सेवा यात्रा 16 जनवरी को होशंगाबाद नगर में प्रवेश करेगी इस दिन यात्री रात्रि विश्राम भी रहेगा। सेठानी घाट में एवं रैन बसैरा व धर्म शालाओं व मंदिरो में यात्रियो के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। रात्रि में सेठानी घाट में महा आरती का आयोजन किया जाएगा व मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सेठानी घाट में नर्मदा नदी पर जल मंच का निर्माण भी किया जाएगा। समाज सेवियो द्वारा भोजन व नाश्ते की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा छात्रों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में ग्रामवार तैयारियो की समीक्षा की ग्राम पंचायत ग्वाडी की तैयारियो की समीक्षा के दौरान एसडीओपी पीएचई जेपी लहारिया द्वारा तैयारियो की संतोष जनक जानकारी प्रस्तुत ना कर पर कलेक्टर ने श्री लहारिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए साथ ही ग्राम पंचायत सर्रा केसली के रोजगार सहायक द्वारा भी तैयारी संबंधी जानकारी ना दे पाने पर रोजगार सहायक सुरेन्द्र सिंह राजपूत को भी नोटिस देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि वे यात्रा से पहले हर ग्राम पंचायत में योग का कार्यक्रम भी रखे उन्होने कहा कि यात्रा के दौरान ग्राम वासियो से भी सहमति ली जाए कि वे सेवा यात्रियो को अपना शौचालय इस्तेमाल करने की आज्ञा दे उन्होने कहा कि सभी जगह पौधरोपण हेतु वन विभाग द्वारा गड्डे खोद दिए गए है। कई जगहो पर प्रतीकात्मक रूप से पौधरोपण किया जाएगा एवं जून एवं जुलाई माह में वृहद् स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। उन्होने पौधो की सुरक्षा के लिए पौधो के आसपास बांस की फेंसिंग करने के निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होने सहायक संचालक उद्यानिकी को भी निर्देशित किया कि वे किसानो से सहमति पत्र लेकर उन्हे प्रस्ताव स्वीकार का पत्र भी प्रदान करें। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियो को निर्देश दिए कि मकर संक्रांति के दौरान नर्मदा नदी के विभिन्न घाटो में मेला लगता है इस दौरान किसी के डुबने या हताहत होने की घटना ना हो इस हेतु उन्होने सभी जगह मोटर वोट, डोंगे एवं होम गार्ड जवान को तैनात करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि सेवा यात्रा के दौरान घाटो पर साफ सफाई की, डस्टबिन की, चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में बताया गया कि यात्रा के दौरान ग्राम पंचायतो में चित्रकला, पेंटिंग, नदी संरक्षण पर निबंध की प्रतियोगिता होगी, सुंदरकांड का पाठ, भजन संध्या के कार्यक्रम होंगे साथ ही महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ लाडो अभियान के फ्लेक्स एवं बैनर लगाए जाएगें। हर ग्राम पंचायत में यात्रा के दौरान कन्या पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जाएगे साथ ही यात्रा के दौरान चलने वाले ध्वज के लिए विशेष स्थान बनाया जाएगा। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा श्री धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि 17 जनवरी को सेवा यात्रा का आगमन व रात्रि विश्राम आंवली घाट पर होगा इस दौरान आंवली घाट में महा आरती का कार्यक्रम होगा। महिलाओं द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी इस हेतु मंच भी बनाया जाएगा। भोजन व नाश्ते की व्यवस्था मां नर्मदा ट्रस्ट करेगी। उन्होने बताया कि आंवली घाट की धर्मशालाओं में 500 लोगो के रूकने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।