भोपाल - आदमी पार्टी ने महिला हिंसा के मुद्दे पर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला। इस कैंडल मार्च और प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने किया। इस मौके पर शिवराज सिंह सरकार पर हमलावर रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि करीब एक महीने बाद भी प्रीति रघुवंशी के मामले में प्रदेश सरकार अपने मंत्री रामपाल सिंह और उसके बेटे को बचाने का काम कर रही है।
राम पाल सिंह की बहु प्रीति रघुवंशी ने 17 मार्च को आत्महत्या की थी, लेकिन इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उलटे पीडि़त परिवार को ही परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतवानी देते हुए कहा कि इस मामले में 48 घंटे में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी तीखा आंदोलन करेगी। उन्होंने देश भर में सामने आई बलात्कार और महिला हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई और इनकी कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि यही नहीं जम्मू कश्मीर में आसिफा हो, उन्नाव मामला हो, या फिर हाल ही में सूरत में एक बच्ची का शव जिस पर 86 घाव के निशान पाए गए। यह सभी घटनाएं ह्दय विदारक हैं और किसी भी संवेदनशील इंसान को दहला देने वाली हैं। हम कैसा समाज बना रहैं हैं। हमारी बहनें माताएं इसमें सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों पर तुरंत कार्रवाई करने के बजाय सरकारें बलात्कारियों हत्यारों को बचाने का काम कर रही हैं। उन्नाव वाले मामले में भाजपा के विधायक की एक साल तक गिरफ्तारी नहीं हुई। मीडिया और आम जनता के दबाव में गिरफ्तारी की गई। जबकि यहां मध्य प्रदेश में तो अपने मंत्री को बचाने के लिए शिवराज सिंह चौहान ने निर्लज्जता की हद ही पार कर दी है।
मंत्री और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग -
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि राम पाल सिंह की तुरंत गिरफ्तारी की जाए और उसे मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। साथ ही मंत्री पुत्र को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही समूचे देश में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सर्तकता बरती जाए और महिला अपराधों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रीति रघुवंशी के मामले में 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी प्रदेश भर में तीखा आंदोलन करेगी।
महिला हिंसा के मुद्दे पर हुए इस कैंडल मार्च और प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी की महिला शक्ति की प्रदेश संयोजिका साधना पाठक, वरिष्ठ नेता चित्ररूपा पालित, मंजू जैन के अलावा प्रदेश संगठन मंत्री पंकज सिंह, लोकसभा सह प्रभारी हाशिम अली, युवा शक्ति के प्रदेश संयोजक निशांत गंगवानी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
आम लोग भी हुए शामिल -
इस प्रदर्शन में आम लोगों ने भी बढ़ चढ़कर भागीदारी की और राह चलते युवाओं एवं महिलाओं ने कैंडल मार्च में शरीक होकर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सहभागिता दर्शायी। साथ ही आम लोगों ने महिला हिंसा के खिलाफ लगातार प्रदर्शन करने की बात कही।
मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश