भोपाल -  म प्र भाजपा के अध्यक्ष को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार शाम को अचानक नागपुर पहुंचे। खबरे आ रही है कि उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत अन्य पदाधिकारियों से मंत्रणा की। सीएम की संघ नेताओं के साथ हुई इस मुलाकात को भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चयन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि किसी भी स्तर पर इस चर्चा की पुष्टि नहीं हो पाई है।

          बुधवार को दिन भर भाजपा के सियासी गलियारों में यह चर्चा थी कि नए प्रदेशाध्यक्ष के लिए नए नाम का फैसला हो चुका है, सिर्फ हाईकमान की ओर से औपचारिक घोषणा होना बाकी है। शाम तक नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम घोषणा की चर्चा तेज हुई। हालांकि अभी तक भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के लिए किसी भी नाम की घोषणा नहीं हुई। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अचानक नागपुर जाना, भाजपा संगठन में चर्चा का विषय बन गया है। क्योंकि सीएम शाम 5 बजे तक राजधानी में ही थे। उल्लेखनीय है कि प्रदेशाध्यक्ष के लिए नरोत्तम मिश्रा का नाम तेजी से चर्चा में है। जबकि वीडी शर्मा, राकेश सिंह, भूपेन्द्र सिंह के नाम भी चर्चा में है। खबर है कि मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को वापस लाना चाहते हैं।

        इससे पहले भोपाल में कोरग्रुप की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और रामलाल के बीच शारदा विहार में मुलाकात हुई | तब मुख्यमंत्री सहित सभी नेता जा चुके थे। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष बदलाव की अटकलों के बीच चौहान ने रामलाल के सामने अपना पक्ष रखा है। बाद में दोनों एक ही कार से प्रदेश भाजपा कार्यालय के लिए रवाना हुए। शारदा बिहार विद्यालय परिसर में भाजपा, सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक हुई थी, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन और सरकार के कार्यों की समीक्षा की गई। बताया जा रहा है कि अनौपचारिक रूप से इस सम्बन्ध में भी चर्चा हुई है|