होशंगाबाद -  बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की संपूर्ण गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए होशंगाबाद जिले का चयन किया गया है। इस योजना के अंतर्गत जिले की 2011 जनगणना के अनुसार शिशु लिंगानुपात में आवश्यक सुधार किया जाना हैं। योजना के क्रियान्वयन एवं मॉनीटरिंग के लिए जिले में 3 स्तर पर टास्क फोर्स का गठन कलेक्टर अविनाश लवानिया द्वारा किया गया है। जिला स्तरीय टास्क फोर्स के अध्यक्ष स्वयं कलेक्टर होंगे तथा जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी इसके सचिव होंगे।

               टास्क फोर्स में पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिलापंचायत, उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त कल्याण विभाग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला अभियोजन अधिकारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी एवं वन स्टॉप सेंटर होशंगाबाद के प्रशासक सम्मिलित रहेंगे। विकासखण्ड स्तर पर गठित टास्क फोर्स की अध्यक्षता अनुविभागीय राजस्व अधिकारी करेंगे। टास्क फोर्स के सचिव परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा अथवा विकासखण्ड महिला सशक्तिकरण अधिकारी होंगे। सदस्य के रूप में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी टास्क फोर्स में सम्मिलित रहेंगे। ग्राम स्तर पर ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति योजना की गतिविधियों का संचालन एवं क्रियान्वयन करने में सहायक होगी।