होशंगाबाद - जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक गहलोत एवं श्रीमती निधि सिंह गोहल तथा जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक राय ने आम जनता के 67 आवेदनों पर सुनवाई की एवं संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन कराने, भूमि का कब्जा दिलवाने, पट्टा प्रदान करने, आर्थिक सहायता प्रदान करने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

              जनसुनवाई में कोटलाखेड़ी तहसील डोलरिया की निवासी लीला बाई ने सीमांकन के लिए आवेदन देते हुए बताया कि पूर्व में 2 बार सीमांकन कराने पर भी उनकी भूमि की चर्तुसीमा स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने एसएलआर द्वारा भूमि का सीमांकन कराये जाने की मांग की। डिप्टी कलेक्टर ने एसएलआर को आवेदिका की भूमि का अच्छी तरह से सीमांकन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम धांईखुर्द तहसील इटारसी के शंकर लाल यादव ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना के अंतर्गत पंप प्राप्त करने के लिए 72,100 रूपए जमा कराये थे परंतु कई माह बीतने के बाद भी पंप नहीं लगाया गया है।

              जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी का कहना है कि सरकार 90 प्रतिशत राशि ठेकेदार को जमा नहीं कर रही है इसलिए पंप नहीं लग पा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द सोलर पंप लगाने की मांग की। डिप्टी कलेक्टर ने जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी को तकनीकी कार्य पूर्ण कर आवेदक को सोलर पंप उपलब्ध कराकर टीएल बैठक में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इटारसी के गोकुल पटेल ने ब्याज पर पैसे उधार देकर अधिक राशि वसूलने वाले व्यक्तियों की शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने फरवरी 2017 में 3 लाख रूपए की राशि ब्याज पर उधार ली थी। मूलधन से अधिक ब्याज अदा करने पर भी संबंधित व्यक्ति अलग से 10 लाख रूपए की मांग कर रहे हैं। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम इटारसी को जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही  करने के निर्देश दिए।

             जनसुनवाई में शासकीय कृषि उच्च.मा.वि. पवारखेड़ा के सेवा निवृत्त लेखापाल अशोक कुमार सोनी ने बताया कि सेवा निवृत्ति का लगभग एक वर्ष पूरा होने पर भी उन्हें स्वत्वो का भुगतान नहीं किया गया है। डिप्टी कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी होशंगाबाद को आवेदक के स्वत्वों का भुगतान कराने के निर्देश दिए। ग्राम कोटगांव तहसील बाबई के संतराम यादव ने गांव के मोहन यादव एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा झगड़ा कर मारपीट एवं गाली-गलौच करने की शिकायत की। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम होशंगाबाद को जांच कर आरोपियों के विरूद्ध बाउंड ओवर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम मरोड़ा तहसील इटारसी के छोटे लाल ने बताया कि उनकी भूमि पर चंद्रगोपाल नामक व्यक्ति ने अवैध अतिक्रमण कर जबरदस्ती मकान बना लिया है। उन्होंने अपनी भूमि का सीमांकन कराकर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम इटारसी को आवेदक की भूमि का सीमांकन कराकर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

            ग्राम निमसाड़िया तहसील होशंगाबाद के राजकुमार ने बताया कि उनके खेत की टपरिया में आग लग जाने से खेती से संबंधित काफी सामान जल गया तथा सब्जी की फसल भी खराब हुई। उन्होंने अपने परिवार के भरण पोषण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का निवेदन किया। डिप्टी कलेक्टर ने तहसीलदार होशंगाबाद को जांच कर आवेदक को नियमानुसार सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। ग्राम फेफरताल तहसील होशंगाबाद की श्रीमती आरती साहू ने प्रसूति श्रम कल्याण योजनांतर्गत प्राप्त होने वाली सहायता राशि प्राप्त ना होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी 2018 को जिला चिकित्सालय में उनका प्रसव हुआ था परंतु वे आज तक सहायता राशि से वंचित हैं। डिप्टी कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवेदिका को राशि का भुगतान कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

            जनसुनवाई में बनखेडी के शिवप्रसाद दुबे ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत मकान स्वीकृत किया गया है। उन्हें मकान बनाने के लिए स्वीकृत राशि की 2 किश्तें प्रदान की गई जिससे उन्होंने मकान का कार्य प्रारंभ कर दिया परंतु उन्हें तीसरी किश्त प्राप्त नहीं हो पाई है। इस कारण से उनके मकान का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। डिप्टी कलेक्टर ने सीएमओ बनखेडी को जांच कर आवेदक को किश्त प्रदान करने के निर्देश दिए। वॉर्ड क्रमांक 8 होशंगाबाद की रेखा रैकवार, बबली ससाने आदि ने पट्टा आवंटित करने की मांग करते हुए बताया कि वे लोग कई वर्षों से शासकीय नजूल भूमि पर कच्चा मकान बनाकर निवासरत हैं। पूर्व में भी कई बार पट्टा प्रदाय करने के लिए राजस्व अधिकारियों को आवेदन दे चुके हैं। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम होशंगाबाद को जांच कर नियमानुसार पट्टा आवंटित करने के निर्देश दिए। होशंगाबाद की श्रीमती वसुंधरा जोशी ने बताया कि उन्होंने प्रदीप शर्मा नामक व्यक्ति से प्लॉट खरीदा था तथा राजस्व रिकॉर्ड में प्लॉट का नामांतरण भी उनके नाम पर हो गया था परंतु अभी तक उन्हें अपनी भूमि का कब्जा नहीं मिल पाया है। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम होशंगाबाद को आवेदिका की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।