होशंगाबाद - म.प्र. शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत आज से दलहन-तिलहन फसलों जैसे चना, मसूर, सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन प्रारंभ हो गया है। उपार्जन का कार्य 31 मई तक चलेगा। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि जिले की इटारसी, होशंगाबाद, बानापुरा, सेमरीहरचंद, पिपरिया, बनखेडी व बाबई कृषि उपज मंडियों मे उपार्जन का कार्य प्रारंभ हुआ है।
उन्होंने जिले के समस्त पंजीकृत किसानों से कहा है कि वे उपार्जन हेतु अपनी उपज एसएमएस प्राप्त होने पर ही निर्धारित दिनांक पर उपार्जन केन्द्र में लाएं। कलेक्टर ने कहा कि सभी किसान उपार्जन हेतु चना, मसूर व सरसों को साफ-सुथरा फेयर एण्ड एवरेज क्वालिटी करके ही उपार्जन केन्द्रों पर लाएं ताकि किसानों को अपने कृषि उत्पाद उपार्जित कराने में किसी प्रकार की कठिनाई ना हो।