होशंगाबाद - प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पशुपालन के माध्यम से कृषि को लाभ का धंधा बनाने के उद्देश्य से गोकुल महोत्सव की शुरूआत की गई है। गोकुल महोत्सव के तहत 27 मार्च से 10 मई तक प्रदेश के समस्त ग्रामो में पशुपालन विभाग द्वारा नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर औषधि वितरण, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, टीकाकरण एवं अन्य विभागीय हितग्राही मूलक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा।
होशंगाबाद विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीताशरण शर्मा द्वारा आज जिले के गोकुल महोत्सव रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि यह योजना मध्यप्रदेश शासन की अभिनव एवं महत्वपूर्ण योजना है। शासन का उद्देश्य पशुपालन के माध्यम से खेती को लाभ का धंधा बनाना एवं कृषकों की आय को दुगुना करना है। गोकुल महोत्सव इसमें बहुत सहायक होगा।उन्होंने जिले के पशु पालकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ सीएम शुक्ला ने बताया कि यह गोकुल महोत्सव रथ जिले के 905 ग्रामों मे भ्रमण कर विभागीय योजनाओं का प्रचार प्रसार करेगा। विभागीय कार्यो के लिये जिले में 18 दलों का गठन किया गया है जो प्रतिदिन 2 शिफ्टों में जिले के प्रत्येक ग्राम में पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर समस्त पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का प्रचार प्रसार एवं क्रियान्वयन कराएंगे।
इस अवसर पर श्री पीयूष शर्मा, श्री प्रकाश शिवहरे,श्रीमती उमा शिवहरे, अतिरिक्त उपसंचालक डॉ.संजय अग्रवाल, संभागीय पशु चिकित्सालय होशंगाबाद के प्रभारी डॉ शैलेन्द्र नेमा, म.प्र सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ के प्रांतीय सचिव श्री श्यामाचरण नामदेव, श्री अनिल मालवीय एवं श्री जे.पी.चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक तथा अनेक विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।