नई दिल्ली - पीएनबी महाघोटाले के बाद देश में एक के बाद एक बैंक घोटाले सामने आ रहे है l ऐसा लगता है जैसे सारे भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों की नजर बैंकिंग सिस्टम पर ही लग गई है l बैंकिंग घोटालों से समाचार पत्र भरे पड़े हैं l पीएनबी, एसबीआई के बाद अब खबर आ रही है कि आईडीबीआई बैंक में फर्जी दस्तावेजों के जरिये बैंक को करीब ७७२ करोड़ का चूना लगाया गया है l 

              जानकारी के अनुसार आईडीबीआई बैंक में फर्जी दस्तावेजों के जरिये 772 करोड़ रुपये का फ्रॉड करने का मामला उजागर हुआ है l यह घोटाला बैंक की आंध्र प्रदेश और तेलंगाना स्थ‍ित शाखाओं में सामने आया है l  जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है l 

             आईडीबीआई ने इस घोटाले की जानकारी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में दी है l बैंक ने बताया कि ये घोटाला लोन के जरिये किया गया है l इनमें से कुछ लोन साल 2009 से 2013 के दौरान लिए गए थे l  ये लोन मछली फार्मिंग के लिए लिये गए हैं l बैंक ने कहा कि इसमें से कुछ लोन फर्जी दस्तावेज के आधार पर लिया गया था l 

             जानकारी के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक महाघोटाले की तरह ही इस मामले में भी बैंक के कर्मचारियों का हाथ बताया जा रहा है l बैंक ने बताया कि इस मामले में दिए गए लोन की प्रोसेसिंग और वितरण में कई खामियां सामने आई हैं l बैंक के अनुसार कुछ लोगों को इस मामले में निलंबित किया गया है l आईडीबीआई बैंक के घोटाले की खबर सामने आते ही बैंक के शेयरों में गिरावट आई है और निवेशकों का विस्वास डगमगाया है l