नई दिल्ली - अभी २०१९ भले ही कुछ दूर हो परन्तु राजनैतिक गलियारों में मुलाकातों और अटकलों का दौर तेज़ हो गया है l लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक पार्टियों में हलचल तेज हो गई है l पिछले कुछ समय से सक्रिय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मोदी सरकार के खिलाफ तीसरे मोर्चा बनाने की तैयारी कर रही हैं, और नई दिल्ली में कई पार्टी के नेताओं से उनकी मुलाकात जारी हैं l अपने दिल्ली दौरे के तीसरे दिन ममता बनर्जी आज भारतीय जनता पार्टी के बागी नेताओं से चर्चा करेंगी l बीजेपी के जिन नेताओं से ममता की मुलाकात हो सकती है उनमे बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा, पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी शामिल हैं l 

           इन बड़े नेताओं के अलावा ममता बनर्जी देर शाम यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी से भी मुलाकात कर सकती हैं l वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ भी ममता की मुलाकात के कयास लगाए जा रहे हैं l बतादें की इससे पहले ममता बनर्जी शरद पवार, मीसा भारती, संजय राउत सहित कई नेताओं से मुलाक़ात कर चुकी हैं l हालाँकि इन मुलाकातों से क्या निकलकर आता है यह देखना दिलचस्प होगा क्योंकि इसके पहले भी कई बार तीसरे मोर्चे को लेकर कवायत हो चुकी हैं l