सिवनी मालवा - तस्वीर में जो धुएँ का गुबार दिख रहा है, वह सिवनी मालवा के खेत में नरवाई में लगाई गई आग का है l प्रशासन कई बार खेतों में कटाई के बाद नरवाई जलाने पर पाबंदी लगा चुका है और इसके लिए तमाम नियम कानूनों की दुहाई दी जा चुकी है l इसके बावजूद भी फसलों की कटाई के बाद अपनी स्वार्थ पूर्ति होने के बाद किसानों द्वारा नरवाई जलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है l
बार-बार समझाईस देने के बाद भी कुछ किसान जिद्दी रवैया अपना रहे हैं l कहीं भूसा निकालने की जल्दी तो कहीं अगली फसल की बोवनी के चक्कर में खेतों को आग के हवाले कर दिया जाता है l बारूद की तरह खेतों में सुलगती इस नरवाई की आग की चपेट में कई बार आसपास की खड़ी फसल भी आ जाती है जिससे लाखों का नुकसान हो जाता है l नुकसान हो जाने के बाद प्रशासन हरकत में आता है परन्तु तब तक बहुत देर हो चुकी होती है l प्रशासन को नरवाई जलाने वालों पर कठोर कार्यवाही करना चाहिए l यदि किसी किसान की फसल नरवाई में लगी आग से जलकर ख़ाक होती है तो उसकी भरपाई नरवाई जलाने वाले किसान से की जाना चहिये l