होशंगाबाद - कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने आज समय सीमा की बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी विभागीय योजनाओं से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि मेले में हितग्राहियों को विभिन्न उपकरण, सामग्री एवं अनुदान राशि दी जाए। कलेक्टर ने बताया कि सोहागपुर में आयोजित अंत्योदय मेले में प्रमुख विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों में ही हितग्राहियों को विभिन्न सामग्री, उपकरण एवं योजनाओं की अनुदान राशि वितरित की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि अंत्योदय मेले में सामाजिक न्याय विभाग, जिला खाद्य विभाग, आदिमजाति कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आत्मा परियोजना, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, रेशम विभाग, राजस्व विभाग, खादी एवं ग्राम उद्योग विभाग आदि के स्टॉल लगाए जाएंगे।
अंत्योदय मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इस शिविर में मरीजों का स्वास्थ परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा समाधान एक दिवस का शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में डेढ बजे तक प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। बताया गया कि अंत्योदय मेले में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा व्हील चेयर, ट्राईसिकल, कृषि विभाग द्वारा ट्रेक्टर, रोटा वेटर, ड्रिप सिस्टम का वितरण हितग्राहियों को किया जाएगा। खाद्य विभाग द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत 17 हितग्राही महिलाओं को गैस टंकी एवं गैस चूल्हे का वितरण किया जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान की तरफ से छात्रों को साईकिल का एवं जिला अंत्यव्यवसायी विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 3 बसों, जनरेटर, फोटो कॉपी मशीन आदि का वितरण किया जाएगा ।
सेंटिंग के सामान, कैमरे एवं ऑटो का वितरण हितग्राहियों को किया जाएगा। आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा एक हितग्राही को 15 लाख का जिम का सामना तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा छोटे ट्रेक्टर एवं फलोद्यान, पॉली हाउस के स्वीकृति पत्रक प्रदान किए जाएंगे। आत्मा परियोजना द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त एक हितग्राही को 50 हजार का चैक प्रदान किया जाएगा। राजस्व विभाग द्वारा आबादी के पट्टे एवं राहत राशि के चैक, अग्रणी बैक द्वारा एनआरएलएम के हितग्राहियों को चैक वितरित किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अंत्योदय मेले की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समय सीमा की बैठक में श्री लवानिया ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा की। होशंगाबाद जिला सीएम हेल्पलाईन में तृतीय स्थान पर है इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि वे अपना प्रदर्शन सुधारें। गत माहों में होशंगाबाद जिला सीएम हेल्पलाईन में शिकायतों के निराकरण में प्रथम स्थान पर रहा था कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी सही जवाब के बिना ही सीएम हेल्पलाईन में जवाब फीड कर रहे हैं। इसके परिणाम स्वरूप ही जिला पहले स्थान से खसक कर तीसरे नम्बर पर आ गया है।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि वे अपने अधीनस्थों द्वारा फीड किए जा रहे जवाब का अवलोकन करें और यदि फीड किए जा रहे जवाब संतोषजनक नहीं है तो अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने भावांतर भुगतान योजना की समीक्षा की। बताया गया कि अब तक 15 हजार 61 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। कलेक्टर ने कहा कि भावांतर भुगतान योजना में व्यापारियों का पंजीयन ना हो पाए यह सब सुनश्चित करें। उन्होंने वन विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि वे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग को वन ग्राम में बन रही मुरमीकरण रोड के लिए स्वीकृति प्रदान करें ताकि प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना विभाग वन ग्रामों में सडकों का निर्माण कार्य शुरू कर सकें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मनोज सरियाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा एवं सभी विभाग के विभाग प्रमुख मौजूद थे।