बिहार/भोजपुर - खबर आ रही है कि भोजपुर में रविवार देर शाम एक पत्रकार समेत दो लोगों को स्कॉर्पियो से रौंदकर मार डाला गया। लोकतंत्र के चौंथे स्तम्भ के प्रहरी की हत्या का आरोप गड़हनी के एक पूर्व मुखिया के परिजनों पर लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया l वहीं ग्रामीण घटना में शामिल गडहनी के पूर्व मुखिया की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं l ख़बरों के मुताबिक मरने वाले पत्रकारों में एक अखबार के नवीन निश्चल और दूसरे पत्रिका के विजय सिंह हैं l यह वारदात आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव के समीप हुई। हादसे की सूचना से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साये लोगों ने स्कॉर्पियो को फूंक दिया और शव के साथ रोड जाम कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही गड़हनी थानेदार शमीम अहमद मौके पर पहुंचे, तब तक लोग स्कॉर्पियो को आग के हवाले कर चुके थे । हालांकि चालक सहित स्कॉर्पियो पर सवार लोग भाग निकले थे । पत्रकार नवीन निश्चल के बेटे ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।