होशंगाबाद -   अग्निहोत्री गार्डन में जिला स्तरीय अटल बाल पालक सह स्नेह सरोकार सम्मेलन एवं शौर्या दल सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए अटल बाल पालकों द्वारा बहुत अच्छा काम किया जा रहा है। उनके द्वारा किए गए प्रयासों का परिणाम है कि जिले में अतिकम तथा कम वजन के बच्चों की संख्या में बहुत कमी आई है। सभी अटल बाल पालकों द्वारा अपने द्वारा ली गई आंगनबाडियों में अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं। अब ऐसी स्थिति आ गई है कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए एक साझा रणनीति बनाई जाए ताकि ये अभिनव प्रयास सभी आंगनबाडियों में किए जा सके। इस रणनीति के माध्यम से नए अटल बाल पालकों को भी रास्ता मिलेगा। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को कुपोषण से निकालना बहुत मुश्किल कार्य है। इसीलिए कुपोषण मुक्त आंगनबाडियों के अटल बाल पालक बधाई एवं सम्मान के पात्र हैं लेकिन हर बच्चा अपने आप में अद्वितीय है तथा उन्हें कुपोषण मुक्त करना रेस नहीं हो सकती।

               अटल बाल पालक सम्मेनल में जिले को कुपोषण मुक्त करने के लिए साझा रणनीति बनाने हेतु चर्चा की गई। उपस्थित अटल बाल पालकों के छ: समूह बनाए गए तथा उन्हें चर्चा के लिए पौष्टिक आहार, गृह भेंट, हाईरिस्क गर्भवती महिलाएं, आंगनबाडी केन्द्रों के सुदृढीकरण, कम्युनिटी बेस्ड मैनेजमेंट तथा स्माईल वैन के माध्यम से स्वास्थ्य जांच विषय दिए गए। कलेक्टर श्री लवानिया ने स्वयं विभिन्न समूहों के साथ बैठकर इन विषयों पर चर्चा की। इसके पश्चात् समूहों के सदस्यों ने सबके समक्ष चर्चा के दौरान प्रस्तुत किए गए विचारों एवं सुझावों को रखा।

              कलेक्टर लवानिया ने इन सुझावों की प्रशंसा करते हुए कहा कि निश्चित ही इन पर अमल करने से हम जिले को कुपोषण मुक्त बनाने में सफल होंगे। सम्मेलन में यूनीसेफ की स्टेट न्यूट्रीशन कोऑरडिनेटर सुश्री पुष्पा अवस्थी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बच्चों को कुपोषण मुक्त करने के उपायों के बारे में बताया। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 506 आंगनबाडियां अटल बाल पालकों द्वारा गोद ली गई हैं। इसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिले में अतिकम वजन के बच्चों की संख्या 1992 तक आ गई है तथा साझा रणनीति एवं प्रयासों से यह संख्या और कम की जा सकती है। सम्मेलन में शौर्या दल के प्रशिक्षकों के लिए पाठ्य सामग्री पुस्तिका का विमोचन किया गया। सम्मेलन में नर्मदा अपना अस्पताल की टीम द्वारा लगभग 50 बच्चों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

कुपोषण मुक्त आंगनबाडियों के अटल बाल पालक एवं आंगनबाडी कार्यकर्ता हुए सम्मानित:-

             सम्मेलन में जनपद अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी एवं कलेक्टर अविनाश लवानिया द्वारा कुपोषण मुक्त आंगनबाडियों के अटल बाल पालक एवं आंगनबाडी कार्यकर्ताओं तथा शौर्या दल के सदस्यों को सम्मानित किया गया। सिवनीमालवा परियोजना के वार्ड 3 केन्द्र कमांक्र 3 की आंगनबाडी कार्यकर्ता संतोषी ठाकुर तथा अटल बाल पालक प्रवीण पाणिकर को कुपोषण मुक्त आंगनबाडी के लिए 2500 रूपए की राशि प्रथम पुरस्कार के रूप में प्रदान की गई। इटारसी के वॉर्ड क्र. 12 केन्द्र क्र. 24 की कार्यकर्ता पूजा गौर तथा अटल बाल पालक मनीष ठाकुर को 2000 रूपए का द्वितीय पुरस्कार तथा सोहागपुर परियोजना के महुआ अजनेरी केंद्र को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए कार्यकर्ता मुक्ता मिश्रा एवं अटल बाल पालक जयप्रकाश महेश्वरी को 1500 रूपए का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

            इसी प्रकार आंगनबाडी केंद्र रैसलपुर-4 के लिए जनपद अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी एवं कार्यकर्ता राधा राजपूत, रैसलपुर-1 के लिए घनेन्द्र चौधरी एवं कार्यकर्ता सीमा सोलंकी, माल्हनवाड़ा के लिए सुरेश अग्रवाल एवं कार्यकर्ता क्षमा सैन, अन्हाई-1 के लिए लक्ष्मी मैहर एवं कार्यकर्ता धर्मवती कुशवाह एवं मेहरागांव-3 के लिए श्रीमती वर्षा कुलकर्णी एवं कार्यकर्ता ज्योति धांडे को 1000-1000 रूपए की सांत्वना राशि प्रदान की गई। साथ ही मीठी होली के अवसर पर स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कुपोषण मिटाने की मुहिम मे अच्छा कार्य करने वाली आंगनबाडी पर्यवक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

          शौर्या दल सदस्य के रूप में हाईरिस्क महिलाओं की काउंसिलिंग के क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य के लिए श्री एम.एल बाथम, श्री टीकाराम गौर, श्रीमती सीमा तिवारी, श्रीमती चित्रा शर्मा को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। साथ ही परियोजना अधिकारी श्रीमती वीणा बोरासी, सहायक संचालक श्रीमती अर्चना पचौरी, पर्यवेक्षक निरूपमा माथुर एवं वंदा शुक्ला एवं शाहीन अली को भी सम्मानित किया गया।  सशक्त वाहिनी अभियान के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बालिकाओं को किट प्रदान की गई।

         सम्मेलन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री सतीश भार्गव, अटल बाल पालक डॉ. यूके शुक्ला, डॉ. बीएम मालवीय, श्रीमती माया नारोलिया, श्रीमती नीरजा फौजदार, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारीगण, पर्यवेक्षक एवं आंगनबाडी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में अटल बाल पालक उपस्थित रहे।