होशंगाबाद - केसला जनपद पंचायत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वधान में वृहद विधिक सेवा सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एसकेपी कुलकर्णी ने कहा कि भारत एक कल्याणकारी राज्य है तथा शासन का उद्देश्य लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना तथा उन्हें न्याय देना हैं। शासन के प्रयासों के बावजूद जो लोग कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं उनके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वार खुले हैं। प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटीयर्स के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।
उन्होने कहा कि शासन की योजनाएं तो कैटेलिस्ट के समान हैं जो सभी के मदद के लिए बनाई गई हैं परंतु आपको केवल शासन पर आश्रित नहीं रहना चाहिए। शासन की योजनाओं का लाभ अवश्य लें पर अपने बल पर चलना सीखें। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से कार्यपालिका तथा न्यायपालिका एक साथ मिलकर आमजनों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ देने के लिए साथ खडे हैं।
शिविर में आमजनों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल ने कहा कि आमजनों को जागरूक होकर खुद आगे बढकर शासन की योजनाओं का लाभ लेना होगा तभी ये योजनाएं वास्तविक रूप में सफल होंगी। शिविर में नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर श्री उमाकांत उमराव ने कहा कि जागरूकता के अभाव में लोग कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं इसलिए इस प्रकार के शिविर लोगों को जागरूक करने के लिए लगाए जाते हैं। उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि आप लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनिये तथा अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लीजिए। जिस प्रकार विधि विधान से हम पूजा करते हैं उसी प्रकार विधि विधान से न्याय प्राप्ति के लिए प्रयत्न करेंगे तो न्याय भी अवश्य मिलेगा। यह सब जागरूकता से ही संभव है।
शिविर में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि सरकार की मंशा यह है कि योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर ना लगाना पड़े। प्रशासन का दायित्व है कि हितग्राही के द्वार पर पहुंचकर उन्हें योजना का लाभ दें। उन्होंने कहा कि आज न्याय पालिका भी आपको न्याय देने के लिए आपके समक्ष उपस्थित है। विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ विधिक सेवा आप तक पहुंचाने के लिए यह शिविर आयोजित किया गया है। शासन, प्रशासन एवं न्यायपालिका आपके समक्ष है आपको केवल यह बताना हैं कि आपको किस प्रकार की सहायता की आवश्यकता है। शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद सक्सेना ने कहा कि शासन द्वारा ग्रामीण स्तर पर होने वाले छोटे-मोटे विवादों के निराकरण के लिए कई योजनाएं बनाई गई है। आप सभी इस शिविर के माध्यम से अन्य योजनाओं के साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा उनका लाभ उठायें।
शिविर में विभिन्न जिलाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। विधिक सेवा सहायता शिविर में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा अपनी कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग, कृषि, शिक्षा, आत्मा परियोजना, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, श्रम, जिला पंचायत, सामाजिक न्याय, पशु चिकित्सा, लोक सेवा प्रबंधन, राजस्व आदि विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से लगभग 2 हजार 63 हितग्राहियों को 16 करोड़ 83 लाख 60 हजार 700 रूपए की राशि से लाभान्वित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए पेम्प्लेट भी वितरित किए गए। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।