होशंगाबाद - कलेक्ट्रेट के रेवा सभागार में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा बैठक में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि जिले में कहीं पर भी बिना एसडीएम से अनुमति प्राप्त किए लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध होगा। लाउडस्पीकर बजाने के लिए एसडीएम से अनुमति प्राप्त करने पर भी इसका प्रयोग कम आवाज में करना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं ऐसे में ऊँची आवाज में बज रहे लाउडस्पीकर उनकी पढाई में व्यवधान डालते हैं। नियमों का पालन ना करने पर लाउडस्पीकर जप्त करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा सभी एसडीएम को दिए गए हैं।
कलेक्टर ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे जिले के सभी फसल खरीदी केन्द्र खुलवाकर फसल खरीदी के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करें ताकि अपनी फसल बेचने आ रहे किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो। उन्होंने उपसंचालक कृषि, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, डीआरसीएस तथा सीईओ सहकारिता को निर्देशित करते हुए कहा कि वे आज ही कम से कम 5-5 खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। अगर कोई खरीदी केन्द्र बंद हो तो संबंधित सहकारिता समिति के विरूद्ध कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे विशेष ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक किसानों का भावांतर भुगतान योजना में पंजीयन करायें। जो किसान अपनी गेहूं की फसल व्यापारियों को बेचेगें उन्हें भी मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 265 रूपए प्रति Ïक्वटल की राशि दी जाएगी। इसलिए ग्राम सभा में इस जानकारी का प्रचार-प्रसार कर किसानों को पंजीयन के लिए प्रेरित करें। विशेष ग्राम सभाओं में असंगठित मजदूरों का भी पंजीयन किया जाना हैं । जो मजदूर फैक्ट्री में काम नहीं करते तथा भवन एवं सनिर्माण कर्मकार मण्डल में पंजीकृत नहीं हैं उनका पंजीयन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि वे विशेष ग्राम सभाओं में किए गए पंजीयनों के आधार पर अधिकारीवार एवं एसडीएमवार रैंकिंग करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे विशेष ग्राम सभाओं का लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने केसला में आयोजित होने वाले जिला विधिक सहायता शिविर के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे उक्त शिविर में अपने विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मनोज सरियाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, एसडीएम श्री मनोज उपाध्याय तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।