भोपाल - आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने मंगलवार को प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि आज रात तक मंत्री राम पाल सिंह और उनके बेटे की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कल 21 मार्च से आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में तीव्र आंदोलन करेगी । वे बोर्ड ऑफिस चौराहे पर आम आदमी पार्टी के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले आम आदमी पार्टी की भोपाल ईकाई ने मंत्री राम पाल सिंह की बहु की आत्महत्या के मामले में प्रदर्शन किया।
इस मौके पर आप के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने कहा कि मंत्री राम पाल सिंह के बेटे गिरजेश ने पहली शादी की और फिर मंत्री महोदय अपनी बेटे की दूसरी शादी करने जा रहे थे, तो गिरजेश की पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना साफ तौर पर बताती है कि राम पाल सिंह और उनके बेटे ने प्रीति रघुवंशी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। पार्टी की मांग है कि इस मामले में भारतीय दंड विधान की धारा 294, धारा 493 और धारा 498 के तहत पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि इतनी बड़ी घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे साफ है कि मुख्यमंत्री हत्यारों को संरक्षण दे रहे हैं, उन्हें बचा रहे हैं। उन्होंने मांग की राम पाल सिंह को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए और रामपाल सिंह और उनके बेटे को गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आज रात तक दोनों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी कल पूरे प्रदेश में इस मामले पर आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले आम आदमी पार्टी की महिला शक्ति ने सोमवार को इस मामले में गिरफ्तारी और मंत्री की बर्खास्तगी को लेकर एडीजीपी के नाम ज्ञापन भी दिया था।
बोर्ड ऑफिस पर प्रदर्शन के मौके पर प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल के अलावा महिला शक्ति की संयोजिका साधना पाठक, आप के जिला संयोजक और भोपाल लोकसभा प्रभारी अवधेश पुरोहित, महिला शक्ति की जिला संयोजक रीना सक्सेना व बड़ी संख्या में अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश