होशंगाबाद - जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए समाज के प्रबुद्ध लोगों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अटल बाल पालक के रूप में आंगनबाडी केन्द्रों को गोद लिया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकरी श्री पीसी शर्मा ने ग्राम रायपुर के आंगनबाडी केन्द्र को गोद लिया है। श्री शर्मा स्माईल वैन द्वारा रायपुर आंगनबाडी केन्द्र के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के अवसर पर उपस्थित रहे।
उन्होंने इस अवसर पर आंगनबाडी केन्द्र में टी.वी. प्रदाय करने की सहमति भी दी। जिले में कुपोषित बच्चों का मौके पर उपचार किए जाने के लिए चलाई जा रही स्माईल वैन गत दिवस परियोजना होशंगाबाद ग्रामीण अंतर्गत ग्राम बांद्राभान एवं रायपुर के कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने पहुंची। स्माईल वैन में उपस्थित शिशु चिकित्सक डॉ. आनंद पाठक एवं उनकी टीम ने 82 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाईयां प्रदान की। डॉ. पाठक द्वारा वहां उपस्थित कुपोषित बच्चों के अभिभावकों की काउंसिलिंग कर उन्हें बच्चों के आहार के संबंध में सलाह दी गई।
उन्होंने वहां उपस्थित आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को कुपोषित बच्चों को आंगनबाडी केन्द्र पर अतिरिक्त आहार देने तथा आयुर्वेदिक तेल द्वारा बच्चों की मालिश करने की सलाह दी। इस अवसर पर ग्राम की सरपंच, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं बडी संख्या में कुपोषित बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।