होशंगाबाद -   पंचम नदी महोत्सव का आयोजन होशंगाबाद जिले के बांद्राभान में 16 मार्च से किया जाएगा जो 17 मार्च तक चलेगा। नदी महोत्सव का प्रतीक हमारी सृष्टि में जीवन के मूल सिद्धांत पंच महाभूत की एकात्मकता पर आधारित है। पंचम नदी महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष श्री ब्राजेश लूनावत ने बांद्राभान का भ्रमण किया और बांद्राभान में की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया।

               संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने बांद्राभान में नदी महोत्सव के लिए बनाए जा रहे मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी महोत्सव के दौरान पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। श्री भगत ने महोत्सव स्थल के समीप प्रेस कॉन्फ्रेंस की जगह, गैलरी, रजिस्ट्रेशन व्यवस्था स्थल, स्टोर रूम, फोटो कॉपी एवं फैक्स आदि की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। 

               भगत ने नदी महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए बनाए गए कॉटेज का अवलोकन किया। उन्होंने आस-पास पानी के छिड़काव के निर्देश दिए ताकि धूल व मिट्टी जम जाए। संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने बताया कि 4 पॉइंट पर वाईफाई की सुविधा रहेगी इसके लिए उन्होंने भारत संचार निगम के अधिकारी को निर्देशित किया कि वे मीडिया स्थल, रजिस्ट्रेशन स्थल, पंडाल, ऑफिस एवं वीआईपी कॉटेज में वाईफाई की सुविधा आज रात से ही चालू कर दें। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बनाए जा रहे मंच का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि लाईटिंग पर्याप्त संख्या में की जाए और लाईटिंग का कनेक्शन अलग-अलग रहे। उन्होंने रात्रि में शयन स्थल पर छोटे-छोटे बल्ब लगाने के भी निर्देश दिए।

             निरीक्षण के दौरान नर्मदा समग्र के न्यासी एवं बैरसिया विधायक श्री विष्णु खत्री, जिला अध्यक्ष श्री हरिशंकर जयसवाल, सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री भरत सिंह राजपूत, श्री पियूष शर्मा, मीडिया प्रभारी श्री सुधीर तिवारी, श्री सुनील राठौर, श्री मनोहर बड़ानी, कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया, पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद सक्सेना सहित सभी संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।