बैतूल - चन्द्रशेखर वार्ड निवासी पप्पू लोखण्डे को महाविद्यालय में प्रवेश के लिए अपने पिता की वार्षिक आय के प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। शासकीय कार्यालयों से यह प्रमाण पत्र मिलने कुछ दिन का समय लगता था, परन्तु पप्पू को आश्चर्य हुआ जब मंगलवार को उसे आवेदन करने के महज 15 मिनट के अंदर ही यह प्रमाण पत्र मिल गया।
प्रदेश सरकार द्वारा समाधान एकदिन योजना के तहत पप्पू को त्वरित मिली इस सेवा से वह खुशीमिश्रित आश्चर्य से बोला कि आम आवेदकों को इस तरह से तुरंत सेवाएं मिलना, प्रदेश में सुशाासन की अच्छी पहल है। समाधान एक दिन योजना सरकार की आमजन के हित में बेहतर कार्यप्रणाली को प्रदर्शित करती है। पप्पू का कहना है प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान युवाओं के हित में सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
समाधान एक दिन योजना के लिए बैतूल में संचालित लोक सेवा केन्द्र में त्वरित सेवाओं का दूसरा उदाहरण था भोपाल के रीजनल कॉलेज में अध्ययनरत ट्विंकल टेकाम को आवेदन के एक घंटे के भीतर मूल निवास प्रमाण पत्र मिल जाना। प्रमाण पत्र प्राप्त करने आए ट्विंकल के पिता श्री अशोक टेकाम ने बताया कि उनकी बेटी भोपाल में अध्ययनरत हैं, उसके लिए मूल निवास प्रमाण पत्र हेतु उसे अनावश्यक भटकना नहीं पड़ा और तत्परता से यह सेवा मिल गई।
गौरतलब है कि बैतूल जिले में 5 फरवरी से मुख्यालय बैतूल एवं 7 मार्च से मुलताई, आमला, चिचोली, आठनेर, शाहपुर एवं घोड़ाडोंगरी, कुल सात लोक सेवा केन्द्रों पर समाधान एक दिवस योजना के तहत चिन्हित सेवाएं आवेदक को एक ही दिवस में उपलब्ध कराने का कार्य प्रारंभ किया गया है। उक्त योजना के तहत फिलहाल 28 चिन्हित सेवाओं का आवेदकों को एक ही दिन में लाभ दिया जा रहा है। अभी तक इस योजना के तहत 3549 आवेदकों को त्वरित सेवाएं दी जा चुकी है।