होशंगाबाद - म.प्र. शासन के निर्देशानुसार एवं सामाजिक न्याय विभाग होशंगाबाद के तत्वधान में होशंगाबाद एवं हरदा जिले के सभी गांवों में नशामुक्ति के लिए लोगों को समझाइश दी जा रही है। सामाजिक न्याय विभाग का कलापथक दल गत 22 जनवरी से होशंगाबाद एवं हरदा के विभिन्न ग्रामों में जाकर नशामुक्ति के गीत गाकर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांव के लोगों को समझाइश दे रहा है कि वे हर प्रकार के नशे से दूर रहे।
शराब, बीडी, सिगरेट, तम्बाकू या गांजे का सेवन न करे क्योकि इससे न केवल शरीर की हानि होती है अपितु घर, परिवार भी प्रभावित होता है। बच्चो पर बुरा असर होता है और बच्चों का भविष्य बिगड जाता है। समाज पर नशे का व्यापक दुष्प्रभाव पड़ता है। कलापथक दल में 6 कलाकार है। सामाजिक न्याय बैतूल के कलापथक श्री सुरेश यादव, नवलकिशोर मोहवे, श्री नत्थू बारस्कर, सामाजिक न्याय होशंगाबाद के कलापथक श्री ओ.पी.भांगे, दिनेश चौरसिया, रायसेन के विनोद कोरे का एक ग्रुप बनाया गया है। यह ग्रुप अब तक हरदा जिले के अनेक गांवो में नशा मुक्ति के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कर चुका है।
होशंगाबाद जिले के भी लगभग 100 गांवों में दल ने अपने नुक्कड़ नाटक एवं गीतों के माध्यम से लोगों को हर प्रकार के मादक पदार्थों से दूर रहने की समझाइश दी है। कलापथक दल के हर कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सक्रियता से सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे भी मौजूद रहे। हर कार्यक्रम के पश्चात सभी से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशामुक्ति का संकल्प पत्र भरवाया गया लोगो ने उत्साहपूर्वक संकल्प पत्र भरा।
कलापथक दल अवकाश के दिनों को छोड़कर विगत 34 दिनों से विभिन्न ग्रामों में नशामुक्ति की अलख जगा रही है। दल ने कई कार्यक्रम रात्रि में भी किए है। रात्रि विश्राम भी गांवों में कर रहे है। कलापथक दल 14 मार्च से सोहागपुर के विभिन्न ग्रामों में जाकर नशामुक्ति का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। कलापथक दल एक दिन में 3 गांवो में जाकर लोगों को समझाइश दे रहे है। स्कूल में जाकर भी कार्यक्रम कर रहे है। कलापथक दल द्वारा 17 मार्च तक अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।