उमरिया - सामान्य वन मण्डल एवम वन विकास निगम की संयुक्त कार्यवाही में अवैध उत्खनन में शामिल मशीन को जप्त किया गया है। बताया जाता है उक्त जेसीबी मशीन ग्राम मंझौली के वन क्षेत्र आर 56 में मुरुम का उत्खनन कर रही थी, जिसकी जानकारी के बाद कार्यवाही की गई है।

           कार्यवाही के दौरान वन विकास निगम एसडीओ जीसी त्रिपाठी, डिप्टी रेंजर सन्तोष श्रीवास्तव,वन रक्षक जीवा लाल बैगा, सामान्य वन मण्डल डिप्टी रेंजर हरीश तिवारी, राकेश तिवारी, रघुवर शरण गौतम,रम्मू बैगा, खुशी राम बैगा मौजूद रहे। इस मामले में बताया जाता है कि ग्राम मगर में किसी कम्पनी के द्वारा करोड़ो की लागत से डैम आदि का निर्माण किया जा रहा है, निर्माणाधीन कार्य के लिए उक्त वन विकास निगम क्षेत्र से अवैध खनिज सँम्पदा का उत्खनन किया जा रहा था l जिसकी जानकारी के बाद कार्यवाही की गई है।

          इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन पर तो कार्यवाही की गई परन्तु परिवहन कार्य मे लगे किसी ट्रैक्टर पर कार्यवाही नही हुई है। विभाग की माने तो उक्त स्थल पर मशीन के अलावा कोई भी वाहन मौजूद नही था, इसलिए किसी भी ट्रैक्टर पर कार्यवाही नही की गई है। इसके अलावा सामान्य वन मण्डल चंदिया परिक्षेत्र के अखडार (झिलमिली वन्य नाला) से शनिवार की देर रात 11 बजे रेत उत्खनन में शामिल ट्रैक्टर पर भी कार्यवाही की गई है। जिसे जप्त कर अखडार वन नाके में खड़ा किया गया है। अवैध रेत उत्खनन में शामिल ट्रैक्टर ग्राम झांपी का बताया जा रहा है।