उमरिया - पुलिस मुखबिरी के शक पर रेत माफियाओं ने एक युवक के साथ गाली गलौज कर मारपीट की है, पीड़ित ने इस मामले की शिकायत सम्बन्धित नोरोजाबाद थाने में की है, पुलिस ने फरियादी नरेंद्र पिता धनन्जय सिंह उम्र 40 निवासी बरही की शिकायत पर रेत माफिया मनोज पिता श्यामलाल साहू, शेषमणि उर्फ राजा बैरागी के विरुद्ध धारा 341,294,506,34 का मामला पंजीबद्ध किया है।

           बताया जाता है कि ग्राम पठारी स्थित पड़रिया नाले से करीब दर्जनभर रेत माफिया अपने ट्रैक्टरों से शनिवार की रात रेत उत्खनन करा रहे थे, मुखबिर की जानकारी पर पुलिस ने रात 7 बजे पठारी स्थित पड़रिया नाले पर दबिश दी ,पर दुर्भाग्य से पुलिस के आने से पूर्व ही आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर रेत माफियाओं के इशारे पर मौके से गायब हो गए। बताया जाता है कि इसी भागमभाग में एक ट्रैक्टर निपनिया रोड में पलट भी गया था ,बमुश्किल कई घण्टे बाद उसे उठाया जा सका है, हालांकि रविवार की रात पुलिसिया कार्यवाही के दौरान कुछ रेत से भरे ट्रैक्टर हाथ लगे थे, परन्तु आवश्यक दस्तवेज होने की वजह से पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया था। बताया जाता है इसी मामले से नाराज रेत माफिया ने मुखबिरी के शक पर फरियादी के साथ गाली गलौज और मारपीट की है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रेत माफियाओं के विरुद्ध मामला कायम किया है।