होशंगाबाद - राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत माँ तुझे प्रणाम योजना म.प्र. शासन की एक महत्वपूर्ण योजना हैं। इसका प्राथमिक उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र की सीमाओं के प्रति आदर का भाव विकसित करना, भारत की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सैन्य गतिविधियों तथा दिनचर्या से युवाओं को अवगत कराना हैं साथ ही राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं नेतृत्व विकास पर युवाओं का मार्गदर्शन करना है। खेल एवं युवा कल्याण म.प्र. शासन के संचालक श्री उपेन्द्र जैन ने बताया कि माँ तुझे प्रणाम योजनांर्गत समस्त जिलों के विकासखण्ड स्तर पर 20 युवाओं जिनमें 10 युवक एवं 10 युवती रहेंगे का चयन किया जाएगा।
यह चयनित युवा भारत की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं में से किसी एक स्थल की अनुभव यात्रा के लिए जाएंगे। जिन युवाओं का चयन किया जाएगा उनमें 2 एनसीसी, 2 एनएसएस, 2 खिलाड़ी, 2 मेधावी छात्र, 2 स्काउट गाइड व सामाजिक कार्यकर्ता या सांस्कृतिक क्षेत्र में से किसी एक क्षेत्र के रहेंगे। यात्रा के लिए 15 से 25 वर्ष की आयु की युवतियों का चयन किया जाएगा।
श्री जैन ने बताया कि जिला स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर रहेंगे। समिति में सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक नेहरू युवा केन्द्र, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, चिन्हित महाविद्यालय के जिला प्रभारी एवं जिला खेल अधिकारी रहेंगे। चयन समिति विकासखण्ड स्तर से युवाओं के आवेदन प्राप्त करेगी एवं लॉटरी के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा।
अनुभव यात्रा के चयन के लिए युवाओं से जिला स्तर पर विधिवत संलग्न निर्धारित प्रपत्र अनुसार आवेदन पत्र व फिटनेश प्रमाण पत्र, चिकित्सा जोखिम एवं संबंधित थाने से चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाएगा। 72 युवाओं के एक समूह को एक स्थल पर भ्रमण हेतु भेजा जाएगा। एक युवा एक ही स्थान पर जा सकेगा। यदि कोई युवा अनुभव यात्रा में जाने में असहमति देता है तो उसे आगामी किसी भी अनुभव यात्रा में नहीं भेजा जाएगा।
श्री जैन ने बताया कि चयनित युवाओं को मात्र एक बार ही अनुभव यात्रा में भेजा जाएगा। विकासखण्ड स्तर पर युवाओं के चयन के लिए 20 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों का सूक्ष्म परीक्ष किया जाएगा। इसके पश्चात् ही समस्त आवेदनों को वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जाएगा तथा लॉटरी द्वारा चयनित युवाओं के नाम फॉरवर्ड किए जाएंगे। योजना के आवेदन विभागीय वेबसाइट से भी प्राप्त किए जाएंगे।
श्री जैन ने बताया कि समस्त जिलों में 20 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। 21 मार्च से 26 मार्च तक कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा लॉटरी के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा। 27 से 30 मार्च तक चयनित युवाओं की ऑनलाईन एन्ट्री कर संचालनालय को फॉरवर्ड किया जाएगा तथा 31 मार्च को चयनित युवाओं की सूची संचालनालय को भिजवाई जाएगी।