होशंगाबाद - कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियो की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने सभी राजस्व अधिकारियो को निर्देशित करते हुए कहा कि पट्टो के अभाव में पीएम आवास योजना का कार्य प्रभावित नही होना चाहिए। इस योजना के अंतर्गत चिन्हित हितग्राहियो को प्राथमिकता से पट्टे प्रदान करें ताकि वे अपने आवासो का निर्माण कर सकें। उन्होने कहा कि सभी एसडीएम एवं सीईओ जनपद आपसी समन्वय से पट्टे न मिलने के कारण लंबित पीएम आवास योजना के प्रकरणों की हितग्राही वार समीक्षा करें। पीएम आवास योजना शासन की उच्चतम प्राथमिकता वाली योजना है एवं इसके क्रियान्वयन में अनावश्यक लापरवाही एवं विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियो को जुलाई माह में होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि ब्लाक प्लांटेशन को प्राथमिकता दें एवं इसके लिए जगहो को चिन्हित कर लें। सड़क किनारे लगाए जाने वाले पौधो के लिए गार्डिंग की व्यवस्था आवश्यक रूप से करें। उन्होने कहा कि सभी एसडीएम अगली समीक्षा बैठक तक वृक्षारोपण के लिए जगहो का चयन करने के साथ ही पौधरक्षको का चयन भी अवश्य कर लें। गांवो में बनाए जा रहे खेल मैदानों के किनारे भी पौधे लगाए।
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियो को आगामी चुनावों के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रो की मतदाता सूचियों का सत्यापन कार्य प्राथमिकता से कराएं। यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची में किसी भी मृत व्यक्ति का नाम न हो। बीएलओ के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियो का भौतिक सत्यापन कराएं। तहसील स्तर पर बीएलओ की बैठक लेकर उन्हे प्रशिक्षित करें। मतदान केन्द्रों का नियामानुसार सत्यापन करें तथा यदि किसी मतदान केन्द्र का स्थान परिवर्तन करना आवश्यक है तो उसका प्रस्ताव बनाकर भेजें।
उन्होंने कहा कि नि:शक्तजनों की मतदाता सूची बनाकर एक सप्ताह में प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम अपने अनुविभाग में स्थित लोक सेवा केन्द्रो में निर्धारित रोस्टर के अनुसार समाधान एक दिवस योजना के अंतर्गत प्राधिकृत अधिकारियो की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा राजस्व अमले को भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत कृषको के पंजीयन कार्य में सहयोग के लिए निर्देशित करें। कलेक्टर ने कहा कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण में एक दिन का भी विलंब नहीं होना चाहिए। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित करें कि जाति प्रमाण पत्र के आभाव में एससी/एसटी अधिनियम के अंतर्गत थानो में दर्ज प्रकरण लंबित न रहें। आरसीएमएस पोर्टल पर प्रकरणो को दर्ज करने का कार्य निरंतर करें एवं प्रकरणो के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को प्राथमिकता दें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन में आने वाली शिकायतो का निराकरण प्राथमिकता से करें। उन्होने सीएम हेल्पलाईन में गत माह 81 प्रतिशत शिकायतो का निराकरण करने के लिए एसडीएम सोहागपुर श्री बृजेश सक्सेना की प्रशंसा की। बैठक में स्टाम्प ड¬ूटी वसूली, वेब जीआईएस, फसल गिरदावरी आदि विषयो पर भी चर्चा हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मनोज सरियाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, सहायक कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े, संयुक्त कलेक्टर श्री आदित्य रिछारिया, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक गेहलोत, सभी एसडीएम एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।