होशंगाबाद - जिले में एकीकृत बाल विकास सेवा द्वारा स्माईल वैन चलाई जा रही है। यह वैन जिले की समस्त परियोजनाओ के गांवो में जाकर कुपोषित बच्चो का उपचार करती है। आज स्माईल वैन परियोजना केसला अंतर्गत सेक्टर जमानी के आंगनबाडी केन्द्रों में पहुंची।
स्माईल वैन में उपस्थित शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ आरके चौधरी एवं उनके सहयोगी स्टॉफ द्वारा अतिकम वजन के 30 बच्चो का उपचार कर नि:शुल्क दवाईयो का वितरण किया गया। कुपोषित बच्चो के अभिभावको को साफ सफाई रखने तथा बच्चो के कुपोषण से बचाव संबंधी सलाह भी दी गई। उल्लेखनीय है कि कुपोषित बच्चो का मौके पर इलाज करने के लिए गांव-गांव चलाई जा रही स्माईल वैन 4 माह में अब तक 2100 से अधिक बच्चो का उपचार कर चुकी है।