होशंगाबाद -  राष्ट्रीय फायलेरिया दिवस 14 मार्च से प्रारंभ होगा जो 16 मार्च तक मनाया जाएगा। राष्ट्रीय फायलेरिया दिवस के अवसर पर 2 वर्ष से 5 वर्ष तक के बच्चों को डीईसी, एलवेंडाजोल की एक गोली खिलाई जाएगी तथा 6 से 14 वर्ष के उम्र तक के बच्चों को डीईसी की 2 गोली तथा एलवेंडाजोल की 1 गोली खिलाई जाएगी तथा 15 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों को 3 गोली डीईसी तथा एक गोली एलवेंडाजोल की खिलाई जाएगी।

               बताया गया कि डीईसी की खुराक पूर्णत: सुरक्षित हैं। उक्त गोली का सेवन खाली पेट ना करने की सलाह दी गई है साथ ही 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती माताओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा का सेवन न करने की सलाह दी गई है। बताया गया कि दवा खाने से सिरदर्द, बदन दर्द, मितली, पेटदर्द एवं उल्टी हो सकती है जो कुछ देर पश्चात अपने आप ठीक हो जाती है।

              मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी लोगों को डीईसी एवं एलवेंडाजोल की गोली खाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अमले को दिए हैं ताकि हाथी पाँव जैसी बीमारियों की रोकथाम की जा सके।