उमरिया - रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली ने देर शाम करीब 8 बजे दोपहिया वाहन को रौंद दिया,इस घटना में मौके पर ही वाहन चालक गुलाब पिता शिव प्रसाद सिंह गोंड़ उम्र 32 वर्ष निवासी कनोर की मौत हो गयी है l  इसके अलावा मृतक की 30 वर्षीय पत्नी एवम 9 वर्षीय पुत्र भी घटना में गम्भीर बताये जा रहे है । बताया जाता है कि मृतक अपने पैतृक गांव से ग्राम बचहा अपने खेत देखने आ रहा था, तभी यह घटना घटी है।

             जानकारी के बाद मौके पर पहुंची 108 की मदद से गम्भीर रूप से घायल पुत्र को उपचार के लिए कटनी ले जाया गया है,वही मृतक की घायल पत्नी को अमरपुर चौकी प्रभारी ने अपने ही वाहन में सवार कर बरही अस्पताल भिजवाया है। इस ह्रदयविदारक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने रेत माफियाओं के विरुद्ध जमकर हल्ला बोला है,हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद किसी तरह उग्र ग्रामीण शांत हो गए है।बताया जाता है कि ट्रैक्टर बरही निवासी राजा पिता विनय पटेल का है,जो भदार नदी से रेत का उत्खनन कर पड़वार से बरही मार्ग पर परिवहन कर रेत ले जा रहा था,इसी दौरान ट्रैक्टर वाहन अनियन्त्रित हुआ और विपरीत दिशा से आ रहे दोपहिया वाहन को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया।

        घटना में दोपहिया वाहन में सवार सभी दूर जा गिरे । इस घटना में दोपहिया वाहन चालक गुलाब पिता शिव प्रसाद सिंह गोंड़ उम्र 32 वर्ष निवासी कनोर की मौके पर ही मौत हो गयी है,वही घटना के बाद मृतक की 30 वर्षीय पत्नी एवम 9 वर्षीय पुत्र गम्भीर बताये जा रहे है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को समय पर उपचार के लिए भेजा है वही आवश्यक कार्यवाही कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम आदि कराने की तैयारी कर रही है।

      इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण विषय यह है कि जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई है,बताया जाता है कि इस मार्ग पर दिन भर तेज गति से भदार नदी से छोटे एवम बड़े वाहनों में खनिज माफियाओं द्वारा रेत परिवहन का कार्य किया जाता रहा है,स्थानीय लोगो की माने तो खनिज माफिया चोरी की रेत को जल्द से जल्द मौके पर पहुंचाने की गरज से तेज गति से वाहनों का चालन कराते है, जिन कारणों से दुर्घटनाएं होती है इन्ही कारणों से नाराज ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद रेत माफियाओं के विरुद्ध हल्ला बोला था।