नई दिल्ली - कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में धांधली और प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में आन्दोलनरत छात्रों के सामने प्रशासन को झुकना पड़ा है और इस मामले में कर्मचारी चयन आयोग ने कथित तौर पर पेपर लीक होने और परीक्षा में धांधली को लेकर सीबीआई जाँच की सिफारिश की है l 

               कर्मचारी चयन आयोग प्रमुख असीम खुराना के अनुसार पेपर लीक मामले में आन्दोलन रत छात्रों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था और ज्ञापन सौंपा था l उनके साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी थे l छात्रों ने ज्ञापन में पेपर लीक मामले की सीबीआई जाँच की मांग की है l 

                इसके बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने छात्रों के साथ गृह मंत्री राजनाथसिंह से भी मुलाकात की थी l इस मुलाकात में तिवारी ने गृहमंत्री को आन्दोलन रत छात्रों की चिंताओं से अवगत कराया l गृहमंत्री ने भी उचित कदम उठाने का भरोसा दिलाया है l 

                दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भी ट्वीट करके कहा है कि हजारों परिक्षार्थी इस घोटाले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। यह मसला उनके भविष्य से जुड़ा है। केंद्र सरकार को तत्काल उनकी मांग को स्वीकार करना चाहिए और सीबीआई जांच का आदेश देना चाहिए। 

                अब जब सीबीआई जाँच की सिफारिश हो गयी है तो देखना यह होगा कि जाँच का रुख किस करवट बैठेगा और आन्दोलन रत छात्रों के हित में क्या -क्या कदम उठाये जायेंगे, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके l