नई दिल्ली - पूर्वोत्तर में हुए तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की सरकारें बनना लगभग तय हो गया है l पूर्वोत्तर में हुई पहली शानदार विजय पर भाजपा में जश्न का माहौल है l त्रिपुरा में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है और नागालैंड में भी भाजपा और उसके सहयोगी मिलकर सरकार बना रहे हैं l
हालाँकि मेघालय में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन मेघालय उसके हाथ से जाता हुआ दिख रहा है l मेघालय में १९ सीटें जीतने वाली नेशनल पीपुल्स पार्टी को ६ सीटें जीतने वाली यूडीपी एवं ४ सीटें जीतने वाली पीडीएफ के साथ-साथ २-२ सीटें जीतने वाली भाजपा और एचएसपीडीपी ने भी समर्थन देकर सरकार बनाने का रास्ता साफ़ कर दिया है l
एनपीपी के नेता कोनराड संगमा ने राज्यपाल को इन पार्टियों के विधायकों के समर्थन की चिट्ठी सौंपी है l कोनराड संगमा ने कहा कि सोमवार तक सभी चीजें साफ हो जाएंगी l भाजपा की इस राजनैतिक चाल से यह साफ हो गया है कि पार्टी मेघालय में किसी भी सूरत में सत्ता कांग्रेस के हाथ नहीं रहने देगी l